1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 23, 2026, 10:57:56 PM
झारखंड में दो बड़ा हादसा - फ़ोटो सोशल मीडिया
रांची: झारखंड में गुरुवार को दो अलग-अलग दर्दनाक हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। गढ़वा जिले में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं धनबाद जिले में सेफ्टी टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की जान चली गई। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।
गढ़वा में दो बाइकों की टक्कर, तीन युवकों की मौत
गढ़वा जिले के भवनाथपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम करीब सात बजे पेट्रोल पंप के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान आर्यन चौबे, प्रभात सिंह और रोहित सिंह के रूप में हुई है।
भवनाथपुर थाना प्रभारी रजनी रंजन ने बताया कि आर्यन चौबे पेट्रोल पंप के समीप स्थित एक प्रतिष्ठान में कार्यरत था और ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहा था। दूसरी ओर प्रभात सिंह और रोहित सिंह एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर भवनाथपुर से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
धनबाद में सेफ्टी टैंक की जहरीली गैस से दो मजदूरों की मौत
उधर, धनबाद जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र स्थित सदरयाडीह में सेफ्टी टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। करीब 10 फीट गहरे टैंक में उतरे दो मजदूर जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान सदरयाडीह निवासी दिलीप महतो और महुदा थाना क्षेत्र के अंधारी निवासी राजेश महतो के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने दोनों को बाहर निकालकर बाघमारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में दम घुटने और जहरीली गैस के प्रभाव से मौत की आशंका जताई गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।