1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 23, 2026, 6:30:57 PM
- फ़ोटो
Bihar News: खगड़िया के चौथम प्रखंड स्थित कन्या मध्य विद्यालय भूतौली में मिड डे मील को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है. स्कूल में बच्चों को परोसे गए भोजन में मरा हुआ सांप मिलने के बाद हंगामा मच गया. खाना खाने के कुछ देर बाद 20 से अधिक बच्चों की तबीयत बिगड़ गई. बच्चों ने बेचैनी, उल्टी और पेट दर्द की शिकायत की, जिसके बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई.
घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजन स्कूल पहुंच गए और व्यवस्था के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई. परिजनों का आरोप है कि बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की जांच और गुणवत्ता को लेकर गंभीर लापरवाही बरती गई है.
तबीयत बिगड़ने के बाद सभी प्रभावित बच्चों को इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में बच्चों का इलाज किया गया. घटना की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
प्रशासन की जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि भोजन में सांप कैसे पहुंचा और इस पूरे मामले में किस स्तर पर लापरवाही हुई. जांच के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है.
बिहार में मिड डे मील को लेकर इस तरह की लापरवाही का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले सहरसा जिले के महिषी प्रखंड स्थित राजकीय मध्य विद्यालय बलुआहा में भी भोजन खाने के बाद बड़ी संख्या में बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी.
उस घटना के बाद एक छात्र की थाली में सांप का बच्चा मिलने की बात सामने आई थी. भोजन करने के बाद बच्चों ने पेट दर्द, चक्कर और उल्टी की शिकायत की थी. इसके बाद बड़ी संख्या में बच्चों को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था.