1st Bihar Published by: SAURABH KUMAR Updated May 17, 2026, 12:37:21 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: सीतामढ़ी जिले के महिंद्रा थाना क्षेत्र स्थित बतरौली गांव में सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। करीब 50 वर्षीय रामाशंकर राय की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें उन्हें पांच गोलियां लगीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि बतरौली गांव कुख्यात गैंगस्टर सरोज राय का गांव है। सरोज राय की गुरुग्राम के मानेसर में पुलिस एनकाउंटर में मौत हो चुकी है। अब इस हत्याकांड में सरोज राय के चचेरे भाई और उसके करीबी सहयोगी राकेश राय का नाम सामने आ रहा है।
जानकारी के अनुसार, रामाशंकर राय घर से आम के बगीचे की ओर गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि हत्या की साजिश में राकेश राय के माता-पिता की भूमिका सामने आई है। आरोप है कि उन्होंने शूटर बुधन ठाकुर को अपने घर में शरण दी और हत्या की योजना बनाने में सहयोग किया।
पुलिस ने इस मामले में राकेश राय के माता-पिता समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि मृतक रामाशंकर राय भी सरोज राय और राकेश राय के रिश्तेदार थे। ऐसे में रिश्तेदारी के बीच गैंगवार और पुरानी दुश्मनी को हत्या की वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और हत्या के पीछे के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।