Hindi News / bihar / saran-news / बिहार में हैरान करने वाला मामला: शादी के मंडप में जीजा ने भरी...

बिहार में हैरान करने वाला मामला: शादी के मंडप में जीजा ने भरी दुल्हन की मांग, दूल्हे ने शादी से किया इनकार

Bihar News: छपरा के मढ़ौरा में शादी समारोह के दौरान दुल्हन के कथित जीजा ने उसकी मांग में सिंदूर भर दिया, जिससे दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 17, 2026, 1:20:36 PM

Bihar News

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google

Bihar News: बिहार के छपरा जिले के मढ़ौरा में एक शादी समारोह के दौरान चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। मंदिर में चल रही वैवाहिक रस्मों के बीच अचानक हुए घटनाक्रम से शादी टूट गई और दोनों पक्ष मायूस होकर लौट गए।


जानकारी के अनुसार, नरहरपुर से बारात शिल्हौरी स्थित प्रसिद्ध शिलानाथ मंदिर पहुंची थी। शादी की रसीद पहले से कट चुकी थी और दोनों परिवारों की मौजूदगी में वैदिक रीति-रिवाज से विवाह की सभी रस्में चल रही थीं। दुल्हन पक्ष के लोग भी मिर्जापुर से दुल्हन के साथ मंदिर पहुंचे थे।


स्थानीय पंडित द्वारा विवाह की रस्में कराई जा रही थीं। जैसे ही कन्यादान और सिंदूरदान की बारी आई, तभी दुल्हन का कथित जीजा अचानक मंदिर परिसर में पहुंचा और उसने दुल्हन की मांग में सिंदूर भर दिया। इस घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्ष कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गया। 


घटना से नाराज दूल्हे ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद विवाह समारोह वहीं समाप्त हो गया और दोनों पक्ष वापस लौट गए। मढ़ौरा थाना पुलिस के अनुसार, इस मामले में समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।