1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 17, 2026, 12:30:16 PM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Bihar News: भारत-नेपाल सीमावर्ती इलाकों में सोशल मीडिया के जरिए युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन और शादी करने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में रक्सौल से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक पर अपनी पहचान छिपाकर हिंदू युवती से शादी करने और बाद में उसे छोड़ देने का आरोप लगा है।
बताया जा रहा है कि नेपाल सीमा से सटे इलाके की रहने वाली संगीता पासवान को आदापुर थाना क्षेत्र के हरपुर गांव निवासी हसरे आलम ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने प्रेमजाल में फंसाया। आरोप है कि युवक ने खुद को हिंदू बताते हुए अपना नाम “राज” बताया और माथे पर तिलक लगाकर खुद को रामभक्त के रूप में पेश करता था।
पीड़िता का आरोप है कि युवक ने नेपाल के वीरगंज में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की। इस दौरान उसने अपनी असली पहचान छिपाई और यह भी नहीं बताया कि वह पहले से शादीशुदा है। युवती का आरोप है कि शादी के बाद उसका धर्म परिवर्तन कराया गया और फर्जी आधार कार्ड भी बनवाया गया।
पीड़िता के अनुसार, जब उसे युवक की असली पहचान और पहले से शादीशुदा होने की जानकारी मिली तथा उसने इसका विरोध किया, तो उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया। घर से निकाले जाने के बाद युवती कुछ समय तक रेलवे स्टेशन पर रही।
बाद में उसकी मुलाकात एक सामाजिक संस्था से हुई, जिसके बाद उसने अपनी आपबीती बताई। फिलहाल युवती एक स्वयंसेवी संस्था की देखरेख में रह रही है। मामले को लेकर इलाके में चर्चा तेज है। वहीं, पुलिस और संबंधित एजेंसियों से मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की जा रही है।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी