Hindi News / crime / बिहार में दिनदहाड़े SBI के CSP से 3 लाख की लूट, पिस्टल देखकर...

बिहार में दिनदहाड़े SBI के CSP से 3 लाख की लूट, पिस्टल देखकर महिला ग्राहक बेहोश

Bihar Crime News: समस्तीपुर में दिनदहाड़े एसबीआई सीएसपी सेंटर से हथियार के बल पर करीब 3 लाख रुपये की लूट हुई। वारदात के दौरान बदमाशों को देखकर एक महिला ग्राहक बेहोश हो गई।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 18, 2026, 3:51:44 PM

Bihar Crime News

- फ़ोटो Google

Bihar Crime News: समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े एसबीआई के एक सीएसपी सेंटर से हथियार के बल पर करीब 3 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना रायपुर बुजुर्ग गांव की बताई जा रही है। वारदात के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, दो बाइक पर सवार होकर पांच अपराधी सीएसपी सेंटर पहुंचे थे। सेंटर में घुसते ही बदमाशों ने हथियार तान दिया और वहां मौजूद लोगों को धमकाने लगे। उस समय सेंटर के अंदर 2 से 3 ग्राहक मौजूद थे। अपराधियों के हाथ में पिस्टल देखकर एक महिला ग्राहक घबराकर बेहोश हो गईं।


सीएसपी संचालक उपेंद्र महतो ने बताया कि रोज की तरह सुबह करीब 10 बजे सेंटर खोला गया था। दोपहर करीब 12 बजे पांच युवक वहां पहुंचे और अंदर घुसते ही हथियार निकाल लिया। बदमाशों ने काउंटर में रखे करीब 3 लाख रुपये लूट लिए। सभी अपराधियों ने अपने चेहरे गमछे से ढक रखे थे।


घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज में दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों को भागते हुए देखा गया है। सूचना मिलने के बाद सरायरंजन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को अलग-अलग दिशाओं में रवाना किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।