1st Bihar Published by: MANOJ KUMAR Updated May 31, 2026, 2:42:08 PM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Bihar Police News: बिहार के खगड़िया जिला पुलिस महकमे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एसपी राकेश कुमार ने कर्तव्यों में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में मोरकाही थाना के पांच पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है।
इस बड़ी कार्रवाई के तहत दो पुलिस अवर निरीक्षक (SI), दो सिपाही और एक चौकीदार को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर (पुलिस केंद्र, खगड़िया वापस) कर दिया गया है। जिला पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, यह कार्रवाई 30 मई 2026 को मोरकाही थाना क्षेत्र में घटित एक गंभीर घटना के बाद की गई है।
खगड़िया पुलिस कप्तान द्वारा 31.05.2026 को जारी पत्र के अनुसार, 30.05.2026 को मोरकाही थाना अंतर्गत एक घटना घटित हुई थी, जिसमें ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा कार्य में भारी शिथिलता और लापरवाही बरती गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने त्वरित कार्रवाई की। जिन पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है। एसपी ने पु०अ०नि० अगम लाल पाण्डेय, पु०अ०नि० राम कुमार पासवान, सिपाही अंकित कुमार, सिपाही मनोज कुमार पासवान,चौकीदार अशोक पासवान का नया पदस्थापन पुलिस केंद्र, खगड़िया किया गया है।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जाँच के आदेश दे दिए गए हैं। पुलिस विभाग का कहना है कि विभागीय जाँच रिपोर्ट आने और घटना से जुड़े पुख्ता साक्ष्य सामने आने के बाद इन दोषी कर्मियों पर आगे की दंडात्मक या निलंबन की अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खगड़िया पुलिस ने 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि जनता की सुरक्षा और पुलिसिंग के काम में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बीते 30 मई को जिले के मोरकाही थाना क्षेत्र के सबलपुर गांव में पुलिस छापेमारी के दौरान एक आरोपी युवक पुलिस अभिरक्षा से भागने के क्रम में स्थानीय तालाब (मालती धार) में कूद गया था, जहां डूबने से उसकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद उग्र ग्रामीणों ने मृतक के शव के साथ मोरकाही थाने पर जमकर बवाल और प्रदर्शन किया था। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई थी कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। इसी घटनाक्रम में कैदियों या स्थिति की निगरानी में लापरवाही बरतने के कारण इन पुलिसकर्मियों पर यह बड़ी गाज गिरी है।