Hindi News / crime / बिहार में हैवान बना पति: नशा करने से रोकने पर दूसरी पत्नी का...

बिहार में हैवान बना पति: नशा करने से रोकने पर दूसरी पत्नी का रेत दिया गला, हत्या की वारदात से सनसनी

Bihar Crime News: बेगूसराय में नशे के आदी पति ने घरेलू विवाद के दौरान दूसरी पत्नी का बच्चों के सामने गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

1st Bihar Published by: HARERAM DAS Updated May 21, 2026, 8:17:17 PM

Bihar Crime News

- फ़ोटो Reporter

Bihar Crime News: बेगूसराय में एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां नशे के आदी एक पति ने मामूली घरेलू विवाद में अपनी दूसरी पत्नी की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि मृतका के पांच मासूम बच्चों के सामने ही उनकी मां को मौत के घाट उतार दिया गया।


यह दिल दहला देने वाली घटना गढ़पुरा थाना क्षेत्र के कोरैय वार्ड नंबर-9 की बताई जा रही है। मृतका की पहचान 35 वर्षीय गायत्री देवी के रूप में हुई है, जो आरोपी अमित कुमार पंडित की दूसरी पत्नी थी। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार अमित कुमार पंडित लंबे समय से नशे का आदी था। उसकी पहली पत्नी भी इसी वजह से उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद उसने गायत्री देवी से दूसरी शादी की थी, जिससे उसे पांच बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि गायत्री देवी लगातार पति को नशा करने से रोकती थी, जिसको लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था।


घटना के संबंध में बताया गया कि आरोपी गुरुवार दोपहर नशे की हालत में घर पहुंचा। घर आते ही उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान घर में गन्ना काटने के लिए रखा धारदार चाकू उठाया और पत्नी का गला रेत दिया। वारदात के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी गई।


हत्या के बाद आरोपी गांव छोड़कर भागने की कोशिश में घर से कुछ दूरी पर गन्ने के खेत में छिप गया था। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की घेराबंदी के बाद उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।


मृतका के चचेरे देवर मनोहर पंडित ने बताया कि अमित कुमार पंडित की नशे की लत ने पूरे परिवार को बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि गायत्री देवी लगातार परिवार को संभालने की कोशिश करती थी, लेकिन आरोपी की हरकतों से घर में रोज विवाद होता था।


इधर इस घटना के बाद पांचों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका अपने पीछे 10 वर्षीय रुक्मिणी कुमारी, 8 वर्षीय दिवांशी कुमारी, 6 वर्षीय अक्षय कुमार, 4 वर्षीय लक्ष्मी कुमारी और डेढ़ साल के हनुमान कुमार को छोड़ गई है। मां की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही कुंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है।


डीएसपी कुंदन कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने नशे की गोली खाने की बात स्वीकार की है, जिसकी जांच की जा रही है। वहीं मृतका की 10 वर्षीय बेटी रुक्मिणी ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता के बीच अक्सर झगड़ा होता था और घटना वाले दिन भी विवाद के बाद उसके पिता ने मां की हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।