Hindi News / career / CBSE 10वीं सेकेंड बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी, 96.78% रहा फाइनल प्रतिशत; डिजीलॉकर...

CBSE 10वीं सेकेंड बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी, 96.78% रहा फाइनल प्रतिशत; डिजीलॉकर पर ऐसे चेक करें नतीजे

CBSE Second Board Exam Result: CBSE ने कक्षा 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। 6.63 लाख से अधिक छात्रों ने परीक्षा दी, जबकि मुख्य और दूसरी परीक्षा के संयुक्त परिणाम के आधार पर अंतिम पास प्रतिशत 96.78% रहा।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 18, 2026, 9:22:17 PM

CBSE Second Board Exam Result

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google

CBSE Second Board Exam Result: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा (Second Board Exam 2026) का परिणाम शनिवार, 18 जुलाई 2026 को आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल हुए 6.8 लाख से अधिक छात्रों का इंतजार अब खत्म हो गया है। 



बोर्ड ने रिजल्ट जारी करने के साथ ही स्कोरकार्ड डाउनलोड करने का लिंक भी सक्रिय कर दिया है। छात्र अब आधिकारिक रिजल्ट पोर्टल और डिजीलॉकर के माध्यम से अपना परिणाम ऑनलाइन चेक कर सकते हैं।



नई शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत इस साल पहली बार छात्रों को एक ही शैक्षणिक सत्र में दो बार बोर्ड परीक्षा देने का मौका दिया गया था। सीबीएसई की नीति के अनुसार, छात्रों का अंतिम परिणाम तैयार करने के लिए मुख्य परीक्षा और दूसरी बोर्ड परीक्षा में से बेहतर प्रदर्शन यानी ‘बेस्ट स्कोर’ को आधार बनाया गया है।



सीबीएसई द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 की दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 6,64,027 छात्रों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 6,63,777 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 5,13,955 छात्र ऐसे थे, जिन्होंने मुख्य परीक्षा में कम अंक आने के बाद अपने प्रदर्शन में सुधार के लिए दोबारा परीक्षा दी थी। सीबीएसई के अनुसार, यह प्रयोग सफल रहा और 3,08,095 छात्रों ने मुख्य परीक्षा की तुलना में अपने अंकों में सुधार दर्ज किया।


दूसरी बोर्ड परीक्षा के साथ आयोजित कंपार्टमेंट परीक्षा में कुल 1,49,822 छात्र शामिल हुए, जिनमें से 78,503 छात्रों ने सफलता हासिल की। इस बार कंपार्टमेंट श्रेणी का पास प्रतिशत 52.40 प्रतिशत रहा, जो पिछले साल के 48.68 प्रतिशत की तुलना में बेहतर है। सीबीएसई ने मुख्य परीक्षा और दूसरी बोर्ड परीक्षा के संयुक्त आंकड़ों के आधार पर वर्ष 2026 के लिए कक्षा 10वीं का अंतिम कुल पास प्रतिशत 96.78 प्रतिशत घोषित किया है।


सीबीएसई ने बताया कि सभी संबद्ध स्कूलों को छात्रों के परिणाम और डिजिटल शैक्षणिक दस्तावेज उनके पंजीकृत ईमेल आईडी पर भेज दिए जाएंगे। विदेशों में स्थित सीबीएसई स्कूलों के छात्र भी डिजीलॉकर के माध्यम से अपना रिजल्ट और प्रमाणपत्र प्राप्त कर सकेंगे।


रेगुलर स्टूडेंट्स

नियमित छात्रों की मूल मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट उनके संबंधित स्कूलों से वितरित किए जाएंगे।


प्राइवेट स्टूडेंट्स

निजी परीक्षार्थियों (Private Candidates) के डिजिटल दस्तावेज सीधे डिजीलॉकर पर उपलब्ध कराए जाएंगे।


दिल्ली के छात्र

दिल्ली पूर्व और दिल्ली पश्चिम क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत आने वाले निजी छात्र डिजीलॉकर के अलावा अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र से भी दस्तावेज प्राप्त कर सकते हैं।