Hindi News / career / अगर आप भी करते हैं कॉलेज में पढ़ाई, तो जान लें यह खबर,...

अगर आप भी करते हैं कॉलेज में पढ़ाई, तो जान लें यह खबर, साइंस कॉलेज में अब शाम को भी चलेगी क्लास

Bihar News: बिहार के छात्रों के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। इस फैसले से हजारों छात्रों को पढ़ाई के नए अवसर मिलने की उम्मीद है, खासकर उन...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 19, 2026, 10:57:12 AM

अगर आप भी करते हैं कॉलेज में पढ़ाई, तो जान लें यह खबर, साइंस कॉलेज में अब शाम को भी चलेगी क्लास

- फ़ोटो

Bihar News: बिहार में उच्च शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के प्रतिष्ठित एएन कॉलेज को डीम्ड यूनिवर्सिटी के रूप में विकसित करने की घोषणा की है. इसके साथ ही राज्य के 10 प्रमुख कॉलेजों में इवनिंग कक्षाएं शुरू करने की तैयारी भी तेज हो गई है.


सरकार के इस फैसले से उन छात्रों को सबसे ज्यादा फायदा मिलने की उम्मीद है, जो नौकरी, आर्थिक जिम्मेदारी या किसी अन्य कारण से दिन में नियमित कॉलेज नहीं जा पाते हैं. अब ऐसे छात्र शाम के समय पढ़ाई कर अपनी उच्च शिक्षा पूरी कर सकेंगे.


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यह घोषणा अनुग्रह बाबू की जयंती और एएन कॉलेज के स्थापना दिवस समारोह के दौरान की. उन्होंने कहा कि एएन कॉलेज को डीम्ड यूनिवर्सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा, जिससे यहां शिक्षा और शोध के क्षेत्र में नई संभावनाएं बढ़ेंगी.


वहीं दूसरी ओर, उच्च शिक्षा विभाग ने राज्य के 10 बड़े कॉलेजों में इवनिंग क्लास शुरू करने का प्रस्ताव राज्यपाल सचिवालय को भेज दिया है. प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद इन कॉलेजों में शाम के समय भी पढ़ाई शुरू हो सकेगी.


जिन कॉलेजों में इवनिंग कक्षाएं शुरू करने की तैयारी है, उनमें पटना साइंस कॉलेज, एएन कॉलेज, बीएन कॉलेज, मगध महिला कॉलेज, कॉलेज ऑफ कॉमर्स आर्ट्स एंड साइंस, जेडी वीमेंस कॉलेज, एमएस कॉलेज मोतिहारी, एलएस कॉलेज मुजफ्फरपुर, टीएनबी कॉलेज भागलपुर और सीएम साइंस कॉलेज दरभंगा शामिल हैं.


उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, इन कॉलेजों का शैक्षणिक स्तर काफी बेहतर है और यहां बड़ी संख्या में छात्र पढ़ाई के लिए आते हैं. ऐसे में इवनिंग कॉलेज की व्यवस्था शुरू होने से ज्यादा छात्रों को पढ़ाई का अवसर मिलेगा.


इस व्यवस्था से कॉलेजों में मौजूद संसाधनों और इंफ्रास्ट्रक्चर का भी बेहतर इस्तेमाल हो सकेगा. दिन के समय जिन कक्षाओं और सुविधाओं का उपयोग होता है, उनका इस्तेमाल शाम के समय भी छात्रों के लिए किया जा सकेगा.


उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन ने राज्यपाल सचिवालय को भेजे पत्र में बताया है कि राज्य के कई प्रमुख महाविद्यालय अपनी गुणवत्ता और प्रतिष्ठा के कारण छात्रों के बीच लोकप्रिय हैं. इसलिए इन संस्थानों में इवनिंग क्लास शुरू करना शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने वाला कदम होगा.