1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 19, 2026, 1:56:27 PM
प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Amrit Bharat Express: केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 21 जून को जयपुर (खातीपुरा) से दरभंगा के लिए नई अमृत भारत एक्सप्रेस रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। सप्ताह में छह दिन संचालित होने वाली यह ट्रेन राजस्थान और बिहार के बीच संपर्क को नई गति प्रदान करेगी तथा यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा का विकल्प उपलब्ध कराएगी।
यह नई रेल सेवा विशेष रूप से रोजगार, शिक्षा, व्यापार और पारिवारिक कारणों से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए लाभकारी साबित होगी। वर्तमान में अजमेर से दरभंगा के लिए साप्ताहिक रेल सेवा संचालित है, वहीं अब इस नई अमृत भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
जयपुर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्रमुख पर्यटन स्थलों और औद्योगिक विकास के लिए जाना जाता है, जबकि दरभंगा मिथिला संस्कृति, शिक्षा और ऐतिहासिक महत्व का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में यह रेल सेवा दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन को आसान बनाने के साथ-साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी।
ट्रेन का ठहराव दौसा, बांदीकुई, मंडावर महुवा रोड, भरतपुर, ईदगाह, आगरा, टूंडला, इटावा, कानपुर सेंट्रल, उन्नाव, ऐशबाग, गोमतीनगर, बाराबंकी, गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, बगहा, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल, बैरगनिया, सीतामढ़ी, जनकपुर रोड और कमतौल स्टेशनों पर होगा। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को भी बेहतर रेल संपर्क और यात्रा सुविधाओं का लाभ मिलेगा। नई अमृत भारत एक्सप्रेस राजस्थान और बिहार के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।