Hindi News / bihar / siwan-news / बिहार में पुलिस टीम और ग्रामीणों के बीच झड़प, थानेदार समेत छह पुलिसकर्मी...

बिहार में पुलिस टीम और ग्रामीणों के बीच झड़प, थानेदार समेत छह पुलिसकर्मी घायल

Bihar News: सीवान में वृद्ध महिला की मौत की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। झड़प में थानेदार समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 17, 2026, 7:19:24 PM

Bihar News

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो AI

Bihar News: बिहार के सीवान जिले में एक वृद्ध महिला की मौत की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच जमकर झड़प हुई, जिसमें थानेदार समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में दो पुलिस पदाधिकारी और चार सिपाही शामिल हैं, जिनमें एक महिला सिपाही भी है। 


घटना आंदर थाना क्षेत्र के हसनपुरवा गांव की है। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। जानकारी के अनुसार, वृद्ध महिला की मौत के मामले में पुलिस जांच के लिए गांव पहुंची थी। पूछताछ के दौरान पुलिस महिला के बेटे और पुत्रवधू को हिरासत में लेकर थाने ला रही थी। इसी बात से ग्रामीण भड़क गए।


देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए और दोनों आरोपियों को पुलिस हिरासत से छुड़ाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों के बीच तीखी झड़प हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस वाहन पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। हमले में थानेदार सहित आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, मैरवा एसडीपीओ गौरी कुमारी और थाना अध्यक्ष मनीष कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों को सुरक्षित थाने लाया गया, जहां उनसे महिला की मौत के मामले में पूछताछ की जा रही है।


घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी पूरण कुमार झा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि मामले में एक आरोपी बल्लू यादव को गिरफ्तार किया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।


एसपी ने बताया कि पुलिस पर हमला और दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि बिहार में हाल के दिनों में पुलिस पर हमले की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।