Hindi News / bihar / begusarai-news / बेगूसराय में नगर परिषद कार्यालय में घुसकर बवाल, सरकारी अधिकारी से मारपीट और...

बेगूसराय में नगर परिषद कार्यालय में घुसकर बवाल, सरकारी अधिकारी से मारपीट और गाली-गलौज; मामला दर्ज

Bihar News: बेगूसराय के बरौनी नगर परिषद कार्यालय में घुसकर एक सरकारी अधिकारी के साथ मारपीट और गाली-गलौज की घटना सामने आई है, जिससे पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। अचानक हुई इस घटना से कार्यालय कर्मियों में दहशत फैल गई है, जबकि पुलिस...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 17, 2026, 6:47:07 PM

बेगूसराय में नगर परिषद कार्यालय में घुसकर बवाल, सरकारी अधिकारी से मारपीट और गाली-गलौज; मामला दर्ज

- फ़ोटो

Bihar News: बिहार के बेगूसराय जिले के नगर परिषद बरौनी कार्यालय में घुसकर एक सरकारी अधिकारी के साथ मारपीट, गाली-गलौज और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। घटना के बाद कार्यालय कर्मियों में आक्रोश का माहौल है। 


जानकारी के अनुसार नगर परिषद बरौनी में सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी के पद पर कार्यरत शुभम कुमार ने फुलवड़िया थाना में लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की शिकायत की है। आवेदन में उन्होंने बताया कि 14 मई 2026 की दोपहर करीब 3 बजे वे अपने कार्यालय कक्ष में बैठकर जनगणना कार्य से संबंधित दैनिक रिपोर्ट तैयार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक व्यक्ति जबरन उनके कार्यालय में घुस आया और अभद्र व्यवहार करने लगा।


पीड़ित अधिकारी के अनुसार फुलवड़िया थाना क्षेत्र के बाड़ो नया टोला वार्ड संख्या-25 निवासी मोहम्मद मुमताज का पुत्र मो. सलीम बिना किसी अनुमति के कार्यालय में दाखिल हुआ और आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। जब इसका विरोध किया गया तो आरोपी ने सरकारी अधिकारी के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने सरकारी कार्य में भी बाधा पहुंचाई, जिससे कुछ देर तक कार्यालय का कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा।


घटना के दौरान कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। पीड़ित अधिकारी ने बताया कि कार्यालय प्रभारी लेखपाल दीपक कुमार, डाटा ऑपरेटर अभिषेक कुमार, स्वच्छता साथी अनुराग, आदेशपाल अबोध कुमार, ज्योति भूषण मिश्रा और सुमित कुमार समेत अन्य कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया। हालांकि बीच-बचाव के दौरान भी आरोपी लगातार धमकी देता रहा और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता रहा।


घटना के बाद नगर परिषद कार्यालय में काम कर रहे कर्मचारियों के बीच भय का माहौल बन गया है। कर्मियों का कहना है कि अगर सरकारी कार्यालयों के भीतर ही अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षित नहीं रहेंगे तो सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों का संचालन प्रभावित होना तय है। कर्मचारियों ने कार्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी उठाई है।


पीड़ित अधिकारी ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से फुलवड़िया थाना समेत अन्य थानों में भी कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने आरोपी को आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति बताते हुए उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


घटना की सूचना मिलते ही फुलवड़िया थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। थाना अध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित अधिकारी के आवेदन के आधार पर आरोपी मो. सलीम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।