1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 17, 2026, 8:23:17 PM
परिजनों में मचा कोहराम - फ़ोटो रिपोर्टर
BETTIAH: गुजरात के अहमदाबाद स्थित एक लोहा-इस्पात फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट में घायल नौतन थाना क्षेत्र के श्यामपुर निवासी मजदूर अरविंद कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। रविवार को जैसे ही युवक का शव गांव पहुंचा, परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छा गया।
मिली जानकारी के अनुसार श्यामपुर निवासी शिवजी सिंह का 19 वर्षीय पुत्र अरविंद कुमार करीब छह माह पूर्व मजदूरी करने अहमदाबाद गया था। वहां वह एक लोहा-इस्पात फैक्ट्री में कार्य कर रहा था। बताया जाता है कि बीते 10 मई को फैक्ट्री में अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया, जिसमें अरविंद समेत तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 15 मई को अरविंद की मौत हो गई।
रविवार को शव गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।
बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट