Hindi News / bihar / sitamarhi-news / सेवईयां बनी काल! बिहार में एक ही परिवार के 7 लोग बीमार, दादी-पोती...

सेवईयां बनी काल! बिहार में एक ही परिवार के 7 लोग बीमार, दादी-पोती की मौत से हड़कंप

Bihar News: सीतामढ़ी में एक ही परिवार के सात लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने से सनसनी फैल गई। इलाज के दौरान दादी और उनकी मासूम पोती की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल में भर्ती हैं। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है और मौत..

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 17, 2026, 6:16:26 PM

सेवईयां बनी काल! बिहार में एक ही परिवार के 7 लोग बीमार, दादी-पोती की मौत से हड़कंप

- फ़ोटो

Bihar News: बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है. रुन्नीसैदपुर प्रखंड के भरेवा गांव में एक ही परिवार के सात लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. इनमें 56 वर्षीय महिला और उनकी 7 साल की पोती की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्य बीमार हैं और उनका इलाज चल रहा है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है.


मृतकों की पहचान 56 वर्षीय जानकी देवी और उनकी 7 वर्षीय पोती राखी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि परिवार के लोगों ने घर में बनी सेवई की खीर खाई थी. इसके कुछ समय बाद एक-एक कर सभी की तबीयत बिगड़ने लगी. परिवार के सदस्यों को तेज पेट दर्द, उल्टी और बेचैनी की शिकायत होने लगी. हालत गंभीर होने पर सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.


इलाज के दौरान जानकी देवी और उनकी पोती राखी ने दम तोड़ दिया. वहीं परिवार के पांच अन्य सदस्य अभी भी बीमार हैं. उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है और डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. एक ही परिवार में दो लोगों की मौत से घर में मातम पसरा हुआ है. गांव के लोग भी इस घटना से सदमे में हैं.


घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि परिवार के लोग किस वजह से बीमार पड़े. शुरुआती जानकारी में सेवई की खीर खाने के बाद सभी की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.


सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. डॉक्टरों का कहना है कि मौत की असली वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल बीमार लोगों का इलाज जारी है और स्वास्थ्य विभाग हर पहलू की जांच कर रहा है.