Hindi News / bihar / samastipur-news / डिग्री कॉलेज की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ना पड़ा भारी, बिहार...

डिग्री कॉलेज की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ना पड़ा भारी, बिहार के पूर्व मुखिया और वकील पर केस

Bihar News: सहरसा के मेनहा गांव में डिग्री कॉलेज की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़कर प्रदर्शन करने वाले पूर्व मुखिया और अधिवक्ता के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। छह घंटे के हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद प्रशासन के आश्वासन पर दोनों नीचे उतरे।

1st Bihar Published by: RITESH HUNNY Updated Jul 16, 2026, 2:38:31 PM

Bihar News

- फ़ोटो Reporter

Bihar News: सहरसा के मेनहा गांव में राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़कर प्रदर्शन करना पूर्व मुखिया संजीव कुमार राय और अधिवक्ता अमरेंद्र यादव को भारी पड़ गया। पुलिस ने दोनों आंदोलनकारियों के खिलाफ बिहरा थाना में एफआईआर दर्ज कर लिया है।



जानकारी के अनुसार, मेनहा गांव में डिग्री कॉलेज खोलने की मांग को लेकर ग्रामीण 10 जुलाई से खादीपुर स्थित सामुदायिक चबूतरे पर धरना दे रहे थे। इसी दौरान बुधवार को पूर्व मुखिया संजीव कुमार राय और अधिवक्ता अमरेंद्र यादव अचानक खादीपुर स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गए।



दोनों ने ऐलान किया कि जब तक मेनहा में डिग्री कॉलेज की स्थापना को लेकर प्रशासन की ओर से ठोस आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक वे टावर से नीचे नहीं उतरेंगे। दोनों के टावर पर चढ़ने की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।



घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आया। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी रोहित रोशन, सदर इंस्पेक्टर शशि कुमार राणा, अंचलाधिकारी शिखा सिंह, बीडीओ शारिक अहमद, बिहरा थाना के अपर थानाध्यक्ष विवेक कुमार, एसआई ज्योति कुमारी समेत पुलिस बल पहुंचा।



अधिकारियों ने आंदोलनकारियों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। करीब छह घंटे तक चले हाईवोल्टेज घटनाक्रम के बाद प्रशासन की ओर से सकारात्मक पहल का आश्वासन मिलने पर दोनों सुरक्षित रूप से टावर से नीचे उतर आए।



हालांकि, प्रदर्शन के बाद पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप में दोनों आंदोलनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।