Hindi News / bihar / muzaffarpur-news / मुजफ्फरपुर में उफान पर बागमती: निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ा, थाना...

मुजफ्फरपुर में उफान पर बागमती: निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ा, थाना और स्कूल परिसर में घुसा नदी का पानी; जिला प्रशासन अलर्ट

Bihar News: मुजफ्फरपुर में बागमती नदी का जलस्तर बढ़ने से कटरा, औराई और गायघाट प्रखंड के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। कई स्कूल और बेनीबाद थाना परिसर प्रभावित हुए हैं, प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

1st Bihar Published by: MANOJ KUMAR Updated Jul 16, 2026, 3:58:58 PM

Bihar News

- फ़ोटो Reporter

Bihar News: मुजफ्फरपुर जिले में बागमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नेपाल से पानी छोड़े जाने और जिले में हो रही लगातार बारिश के कारण नदी उफान पर है। इसका असर कटरा, औराई और गायघाट प्रखंड के निचले इलाकों में दिखाई देने लगा है। 



कई जगहों पर बाढ़ का पानी फैलने से बड़ी आबादी प्रभावित हुई है। नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण निचले इलाकों के स्कूल, थाना परिसर और अन्य सरकारी स्थानों पर भी पानी का असर दिखने लगा है। कई स्कूल परिसरों में पानी भर गया है, जिससे छात्रों के आवागमन में परेशानी हो रही है।



बाढ़ की स्थिति के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पीपा पुल का अप्रोच मार्ग पानी में डूबने के बाद एक बुजुर्ग व्यक्ति नदी पार करते नजर आ रहा है हालांकि फर्स्ट बिहार-झारखंड वायरल वीडियो की सत्यता का पुष्टि नहीं करता है।



वायरल वीडियो में एक बुजुर्ग ने अपनी धोती खोलकर सामान को उसमें बांधा और सिर पर मुरेठा की तरह रख लिया। इसके बाद करीब साढ़े चार फीट गहरे पानी में उतरकर वह नदी पार करते हुए सड़क तक पहुंचा। यह दृश्य बाढ़ के दौरान ग्रामीणों की मुश्किलों को दर्शा रहा है।


गायघाट प्रखंड के बेनीबाद थाना परिसर भी बाढ़ के पानी से प्रभावित हो रहा है। थाना परिसर के निचले हिस्से में पानी भरने लगा है। वहीं, थाने में जब्त किए गए वाहन भी पानी में डूबने लगे हैं। मुजफ्फरपुर के डीएम कुमार गौरव ने बताया कि वर्तमान में बागमती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब एक मीटर ऊपर बह रहा है। जिला प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।



डीएम ने बताया कि प्रखंड स्तर के अधिकारियों को पीपा पुल और नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल रिहायशी इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश नहीं किया है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

मुजफ्फरपुर से मनोज कुमार की रिपोर्ट..