1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 02, 2026, 7:09:16 PM
- फ़ोटो
Bihar Crime News: बिहार के मोतिहारी जिले में पुलिस ने चेन स्नैचिंग करने वाले एक महिला गैंग का बड़ा खुलासा किया है. पिपरा थाना क्षेत्र के सागर गांव में आयोजित लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के दौरान महिलाओं के गले से चेन और मंगलसूत्र उड़ाने वाले गिरोह की 9 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने इनके कब्जे से चेन स्नैचिंग की तीन वारदातों से जुड़े आभूषण भी बरामद किए हैं.
जानकारी के अनुसार, सागर गांव में इन दिनों लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का आयोजन चल रहा है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा के लिए पहुंच रहे हैं. मेले में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की भारी भीड़ का फायदा उठाकर एक महिला गैंग लगातार चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहा था.
इसी दौरान मेले में आई एक महिला श्रद्धालु के गले से एक आरोपी महिला ने चेन खींच ली और भागने लगी. पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़ी गई महिला से पूछताछ शुरू की. पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह उत्तर प्रदेश से आए एक महिला चेन स्नैचर गैंग की सदस्य है. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैंग की अन्य महिलाओं की तलाश शुरू की और कुल 9 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं के पास से चेन स्नैचिंग की घटनाओं से जुड़े तीन आभूषण, जिनमें मंगलसूत्र जैसे जेवर शामिल हैं, बरामद किए हैं. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस गिरोह ने मेले में कई महिलाओं को निशाना बनाया था.