Hindi News / bihar / saharsa-news / थाने में घुसकर बनाया वीडियो, फिर मांगे 25 हजार रुपये, खुद को यूट्यूबर...

थाने में घुसकर बनाया वीडियो, फिर मांगे 25 हजार रुपये, खुद को यूट्यूबर पत्रकार बताने वाले पर FIR

Bihar Crime News: सहरसा जिले के सलखुआ थाना से जुड़ा एक मामला चर्चा का विषय बन गया है। खुद को यूट्यूब पत्रकार बताने वाले एक युवक पर थाने के अंदर वीडियो बनाने, पुलिस पर दबाव बनाने और कथित रूप से पैसे की मांग करने का आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 07, 2026, 10:34:44 AM

थाने में घुसकर बनाया वीडियो, फिर मांगे 25 हजार रुपये, खुद को यूट्यूबर पत्रकार बताने वाले पर FIR

- फ़ोटो

Bihar Crime News: बिहार के सहरसा जिले के सलखुआ थाना में एक अजीब मामला सामने आया है. खुद को “न्याय तक न्यूज” नाम के यूट्यूब चैनल का पत्रकार बताने वाले एक युवक के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है. आरोप है कि युवक अपने साथी के साथ बिना अनुमति थाना परिसर में घुस गया, वीडियो बनाने लगा और बाद में थाना प्रभारी से 25 हजार रुपये दिलाने की मांग की. पुलिस का कहना है कि रुपये नहीं मिलने पर थाने की छवि खराब करने वाले वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी गई.


इस मामले में सलखुआ थाना में तैनात प्रशिक्षु सब-इंस्पेक्टर बिट्टू कुमार के लिखित आवेदन पर केस दर्ज किया गया है. प्राथमिकी के अनुसार, घटना 4 जुलाई की दोपहर करीब 3:15 बजे की है. उस समय एसआई बिट्टू कुमार ड्यूटी पर थे. कुछ देर के लिए वह महिला हेल्प डेस्क पर तैनात सिपाही को सूचना देकर बाहर गए थे. इसी दौरान दो युवक हाथ में माइक और मोबाइल लेकर बिना अनुमति थाना परिसर और अंदर के कमरों में पहुंच गए और वीडियो रिकॉर्डिंग करने लगे.


जब एसआई वापस लौटे तो उन्होंने एक युवक से पूछताछ की. युवक ने अपना नाम बृजेश कुमार यादव बताया और कहा कि वह अपने साथी के साथ मिलकर “न्याय तक न्यूज” नाम का यूट्यूब चैनल चलाता है. इसके बाद उसने दावा किया कि उसने सलखुआ थाना के खिलाफ कई वीडियो रिकॉर्ड कर लिए हैं.


एफआईआर के मुताबिक, बृजेश कुमार यादव ने एसआई से कहा कि अगर थाना प्रभारी से 25 हजार रुपये दिला दिए जाएं तो वह वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड नहीं करेगा. उसने यह भी कहा कि पैसे नहीं मिलने पर वीडियो वायरल कर थाना की छवि खराब कर देगा. जब एसआई ने उसे रुककर वरिष्ठ अधिकारियों से बात करने के लिए कहा तो वह अपने साथी के साथ बाइक से मौके से फरार हो गया.


पुलिस का यह भी आरोप है कि एसआई की गैरमौजूदगी में दोनों युवकों ने महिला हेल्प डेस्क पर तैनात सिपाही कंचन कुमारी, महिला सिपाही लवली कुमारी और चौकीदार योगेंद्र पासवान के साथ अभद्र व्यवहार किया. आरोप है कि उन्होंने सरकारी काम में बाधा डाली और पुलिसकर्मियों की इच्छा के खिलाफ उनके सामने जबरन माइक लगाकर वीडियो बनाने की कोशिश की.


घटना को गंभीर मानते हुए सलखुआ थाना में बृजेश कुमार यादव और उसके एक अज्ञात साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. इस केस की जांच महिला सब-इंस्पेक्टर रितु रानी को सौंपी गई है. पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.




सहरसा से रितेश की रिपोर्ट