1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 07, 2026, 11:35:09 AM
- फ़ोटो
Viral Video: बिहार में सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी प्रखंड का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक चिकित्सक ड्यूटी के दौरान स्वास्थ्य उपकेंद्र के कमरे में बेड पर लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि पास में मौजूद एएनएम मरीजों का काम संभालती नजर आ रही हैं. वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
बताया जा रहा है कि यह वीडियो अख्तियारपुर पड़ेया पंचायत स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र का है. हालांकि, इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसे लेकर इलाके में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं. लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में पहले से ही मरीजों को समय पर बेहतर इलाज नहीं मिल पाता. ऐसे में ड्यूटी के दौरान डॉक्टर के आराम करने का वीडियो सामने आना चिंता का विषय है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है. उनका आरोप है कि कई बार डॉक्टर समय पर उपलब्ध नहीं रहते, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी दिक्कत होती है. वायरल वीडियो के बाद लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.
वहीं, इस मामले में कुढ़नी की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रीता रेनू चौधरी ने अपनी सफाई दी है. उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है. जानकारी लेने पर पता चला कि संबंधित चिकित्सक की तबीयत अचानक खराब हो गई थी. इसी वजह से वह करीब 10 मिनट के लिए बेड पर लेट गए थे. उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी ली जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे की कार्रवाई भी की जाएगी.
मुजफ्फरपुर से राजन कुमार की रिपोर्ट