Hindi News / bihar / purnea-news / RJD की टिकट पर बांकीपुर से एक बार फिर चुनाव लड़ेंगी रेखा गुप्ता,...

RJD की टिकट पर बांकीपुर से एक बार फिर चुनाव लड़ेंगी रेखा गुप्ता, बोलीं...बीजेपी से त्रस्त हो गई है जनता

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए राजद ने एक बार फिर रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए जीत का दावा किया और कहा कि बांकीपुर की जनता बदलाव चाहती है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 06, 2026, 5:27:17 PM

बिहार न्यूज

बदलाव चाहती है बांकीपुर की जनता - फ़ोटो रिपोर्टर

PATNA: 30 जुलाई को खाली पड़े बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव होने वाले हैं, 5 जुलाई को जनसुराज के सूत्रधार चुनावी रणनीतिकार प्रशांत कुमार ने इस सीट से खुद चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। लेकिन बीजेपी ने अभी तक क्लीयर नहीं किया है कि भाजपा का प्रत्याशी कौन होगा? पीके के ऐलान के बाद ही अगले दिन राष्ट्रीय जनता दल ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया। 


आरजेडी ने एक बार फिर रेखा गुप्ता को चुनाव के मैदान में उतारा है। इस बार भी रेखा गुप्ता बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगी। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशी बनाये जाने पर रेखा गुप्ता काफी खुश दिखीं। उन्होंने पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनता दल इस बार बांकीपुर विधानसभा जीतेगी। बांकीपुर की जनता का मुझे आशीर्वाद मिल रहा है। इस बार कोई चुनौती नहीं है। राजद अपनी पूरी ताकत से लड़ेगी और जीत हासिल करेगी। इस बार बीजेपी हमसे पीछे रहने वाली है। 


रेखा गुप्ता ने कहा कि बांकीपुर की जनता से यही अपील करूंगी की एक बार मुझे आशीर्वाद दें। चालीस साल आपने किसी एक दल बीजेपी को मौका दिया। इस बार एक महिला को वोट देकर जिताये। वही प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने पर कहा कि रणनीतिकार और राजनीतिकार में बड़ा फर्क होता है। यहां रणनीतिकार नहीं चाहिए राजनीतिकार चाहिए। प्रशांत किशोर दूसरों को जीताते आए है, लेकिन इस बार खुद मैदान में हैं। बांकीपुर की जनता का आशीर्वाद मुझे मिलने जा रहा है। बीजेपी से यहां की जनता त्रस्त हो गयी है। जिस भरोसे और उम्मीद से जनता ने बिहार में सरकार बनायी, वर्तमान परिवेश में वो खड़े नहीं उतर रहे हैं। 


बता दें कि 2025 के विधानसभा चुनाव में आरजेडी ने उन्हें बांकीपुर का उम्मीदवार बनाया था। आरजेडी ने एक बार फिर रेखा कुमारी पर भरोसा जताया है। इस बार के उपचुनाव में रेखा गुप्ता को आरजेडी ने प्रत्याशी बनाया है। राजद का यह फैसला इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि 2025 के चुनाव में रेखा कुमारी को भाजपा उम्मीदवार नितिन नवीन के हाथों बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद पार्टी ने संगठन और स्थानीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उन्हें दोबारा मैदान में उतारने का फैसला लिया है।


2025 में मिली थी बड़ी हार

पिछले विधानसभा चुनाव में बांकीपुर सीट पर भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया था। भाजपा उम्मीदवार नितिन नवीन ने रेखा कुमारी को बड़े अंतर से हराया था। चुनावी आंकड़ों पर नजर डालें तो रेखा कुमारी को कुल 46,363 वोट मिले थे, जो कुल मतदान का 30 प्रतिशत से भी कम था। इसके बावजूद राजद का मानना है कि उपचुनाव में परिस्थितियां अलग होंगी और पार्टी बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो उपचुनाव में मतदान का प्रतिशत, स्थानीय मुद्दे, उम्मीदवार की सक्रियता और विपक्षी वोटों का ध्रुवीकरण कई बार चुनावी नतीजों को पूरी तरह बदल देता है। यही वजह है कि राजद इस सीट पर दोबारा अपनी किस्मत आजमाने जा रही है।



बांकीपुर विधानसभा बिहार की सबसे चर्चित और प्रतिष्ठित शहरी सीटों में गिनी जाती है। यह सीट पटना जिले में स्थित है और पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली छह विधानसभा सीटों में से एक है।  यह पूरी तरह शहरी विधानसभा क्षेत्र है, जहां नगर निगम क्षेत्र के मतदाता चुनावी परिणाम तय करते हैं। यहां सरकारी कर्मचारी, व्यवसायी, पेशेवर वर्ग, युवा मतदाता और मध्यम वर्ग की बड़ी आबादी रहती है। यही कारण है कि यहां सड़क, ट्रैफिक, पेयजल, पार्किंग, रोजगार और शहरी सुविधाएं हमेशा प्रमुख चुनावी मुद्दे रहते हैं।


बांकीपुर विधानसभा का सामाजिक और चुनावी प्रोफाइल

2011 की जनगणना के अनुसार इस विधानसभा क्षेत्र की सामाजिक संरचना इस प्रकार है—

कुल मतदाता (2020 विधानसभा चुनाव) : 3,91,775

मतदान केंद्र : 589

अनुसूचित जाति (SC) मतदाता : 31,499 (लगभग 8.04%)

अनुसूचित जनजाति (ST) मतदाता : 1,293 (लगभग 0.33%)

शहरी आबादी : लगभग 100 प्रतिशत (3,91,775)

ग्रामीण आबादी : लगभग शून्य

यानी यह बिहार की उन चुनिंदा विधानसभा सीटों में शामिल है जहां ग्रामीण मतदाता नहीं के बराबर हैं और पूरा चुनाव शहरी मुद्दों पर केंद्रित रहता है। चुनाव आयोग पहले ही उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर चुका है। नामांकन, जांच, नाम वापसी, मतदान और मतगणना की तिथियां तय होने के बाद अब राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सभी दल अपने उम्मीदवारों के साथ बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने में जुट गए हैं।  रेखा कुमारी को दोबारा उम्मीदवार बनाने का फैसला यह संकेत देता है कि राजद स्थानीय नेतृत्व पर भरोसा बनाए रखना चाहती है। हालांकि उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती भाजपा के मजबूत संगठन और शहरी मतदाताओं के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ाने की होगी।


अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या राजद इस बार बांकीपुर में पिछली हार का बदला ले पाएगी या फिर भाजपा एक बार फिर इस प्रतिष्ठित शहरी सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखेगी या फिर प्रशांत किशोर को बांकीपुर की जनता का आशीर्वाद मिलेगा यह देखने वाली बात होगी। लेकिन इतना तय है कि बिहार के इस उपचुनाव पर पूरे राज्य की राजनीतिक निगाहें टिकी रहेंगी और इसके नतीजे आने वाले विधानसभा चुनावों की दिशा तय करने में भी अहम भूमिका निभा सकते हैं।