1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 18, 2026, 7:40:36 PM
सोनपुर में "सहयोग शिविर" - फ़ोटो सोशल मीडिया
PATNA: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कल मंगलवार को सोनपुर से ‘सहयोग शिविर’ कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। सम्राट चौधरी मंगलवार को सोनपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह सुबह 10 बजे सोनपुर के डुमरी बुजुर्ग में आयोजित “सहयोग शिविर” कार्यक्रम में भाग लेंगे।
बिहार सरकार जन शिकायतों की सुनवाई और त्वरित समाधान के उद्देश्य से राज्यभर में “सहयोग शिविर” कार्यक्रम की शुरुआत कर रही है। इसके तहत हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को पंचायत स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे।इन शिविरों में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे, ताकि आम लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सहयोग शिविर में ऑन-द-स्पॉट जनसुनवाई की जाए और शिकायतों का निराकरण अधिकतम एक महीने के भीतर सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा मुख्यमंत्री मंगलवार को अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में भी शामिल होंगे। यह बैठक इंडो-नेपाल बॉर्डर और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आयोजित की जाएगी। बैठक सुबह 11:30 बजे से शुरू होगी। वहीं दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री भारतीय विमानपत्तन से संबंधित भारत सरकार के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में भी भाग लेंगे, जिसमें राज्य में हवाई सेवाओं और एयरपोर्ट से जुड़े विकास कार्यों पर चर्चा होने की संभावना है।