Nepal Violence: नेपाल के सीमावर्ती शहर वीरगंज में रविवार देर शाम दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प और पथराव के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। परसा जिला प्रशासन ने सोमवार सुबह 9:45 बजे से अगले आदेश तक वीरगंज महानगर क्षेत्र में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया है।
सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए नेपाल पुलिस, नेपाल सेना और आर्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) को सड़कों पर तैनात किया गया है। हिंसा में ललन महतो, अमर महतो और धीरज साह समेत लगभग आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार नारायणी अस्पताल में चल रहा है।
पर्सा के डीएसपी हरिबहादुर बस्नेत के अनुसार, विवाद वीरगंज वार्ड नं. 11, श्रीपुर में एक धार्मिक स्थल के पास शुरू हुआ। आरोप है कि स्थानीय युवकों के साथ बिना कारण मारपीट की गई, जिससे स्थिति अनियंत्रित हो गई और दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। मुख्य आरोपी मोहम्मद निजाम फिलहाल फरार है। प्रशासन उनकी तलाश में सघन छापेमारी कर रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह घटना आम चुनाव के समय साजिश के तहत हुई, जिससे सांप्रदायिक तनाव बढ़ गया। प्रशासन ने कर्फ्यू के दौरान किसी भी सभा, जुलूस, प्रदर्शन या बैठक पर पूरी तरह रोक लगाई है और आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का ऐलान किया है।
वीरगंज की स्थिति का सीधा असर भारतीय सीमा पर भी पड़ा है। अचानक कर्फ्यू से लग्न और होली के बाजार प्रभावित हुए हैं। रक्सौल और वीरगंज के बीच मैत्री पुल पर आम आवाजाही पूरी तरह ठप है। एसएसबी और स्थानीय पुलिस हाई अलर्ट पर हैं और सीमा पर हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है ताकि कोई अवांछित तत्व शांति भंग न कर सके।




