Hindi News / bihar / patna-news / Bihar News: राजस्व विभाग में गठित हुआ मॉनिटरिंग सेल..नौ अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी,...

Bihar News: राजस्व विभाग में गठित हुआ मॉनिटरिंग सेल..नौ अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी, आपके आवेदन पर रखेंगे निगरानी

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने जन शिकायत पोर्टल के त्वरित निष्पादन के लिए नई मॉनिटरिंग व्यवस्था लागू की है। मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल के निर्देश पर 9 राजस्व अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है.

1st Bihar Published by: Viveka Nand Updated May 20, 2026, 3:31:03 PM

Bihar News, Revenue Department Bihar, Land Reforms Department, Dilip Jaiswal, Bihar Complaint Portal, Revenue Services Bihar, Bihar Governance, Public Grievance Portal, Bihar Revenue News, Bihar Admin

AI से सांकेतिक तस्वीर - फ़ोटो Google

Bihar News: आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निष्पादन को लेकर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने तत्काल प्रभाव से विभागीय जन शिकायत पोर्टल की मॉनिटरिंग व्यवस्था को मजबूत किया है। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल के निर्देश के आलोक में विभाग में नया मॉनिटरिंग सेल गठित करते हुए राजस्व सेवा के नौ अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

विभागीय आदेश के अनुसार, विभाग द्वारा संचालित जन शिकायत पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों और परिवादों के समयबद्ध निष्पादन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था तत्काल लागू की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित कराया जाएगा।

विभागीय जन शिकायत पोर्टल 08 मई 2025 से संचालित है। इसी पोर्टल के माध्यम से शिकायतों का निष्पादन किया जाता था। पूर्व में संबद्ध कई अधिकारियों के अन्यत्र पदस्थापन हो जाने के कारण कार्य प्रभावित हो रहा था। इसे गंभीरता से लेते हुए मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने विभागीय अधिकारियों को तत्काल नई व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसी क्रम में राजस्व सेवा के अधिकारी कमल नयन कश्यप, संतोष कुमार चौधरी, मो. एजाज आलम, सक्षम सिंह, धीरज कुमार, विजय कुमार राय, पंकज कुमार झा, मनोज कुमार गुप्ता तथा सुश्री अनुजा सिन्हा को मॉनिटरिंग सेल से जोड़ा गया है. सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे विभागीय आईटी मैनेजर से अविलंब पासवर्ड प्राप्त कर लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें।

इसके लिए एनआईसी के माध्यम से तकनीकी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। विभागीय जन शिकायत पोर्टल के सतत अनुश्रवण के लिए डॉ. सुनील कुमार, उप सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है।