Bihar Education News: बेंच-डेस्क खरीद में करोड़ों का घोटाले करने वाले जिला शिक्षा पदाधिकारी को सरकार ने सम्मानित किया. जिसने जमकर माल बनाया नीतीश सरकार ने उसे इनाम के तौर पर पटना प्रमंडल का आरडीडीई बना दिया. इस मुद्दे पर आज बिहार विधानसभा में सरकार घिर गई. जेडीयू के ही विधायक ने शिक्षा मंत्री को घेर लिया.
भ्रष्ट अफसर को मिला इनाम
नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा के अस्थामा से जदयू विधायक जितेंद्र कुमार ने शिक्षा विभाग की पोल खोल कर रख दी. उन्होंने प्रश्नकाल के दौरान कहा कि अधिकारियों ने मंत्री जी को भ्रामक जानकारी दी है. नालंदा जिले में तत्कालीन जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बेंच-डेस्क में खरीद में भारी घोटाला किया था . जिला निगरानी समिति के द्वारा इसकी जांच की गई थी. जिसमें दोष सिद्ध हुआ. तत्कालीन जिला शिक्षा पदाधिकारी दोषी पाए गए. फिर भी उन्हें रिवॉर्ड के तौर पर पटना का आरडीडीई बना दिया गया. यह गंभीर मामला है. क्या,सरकार ऐसे अधिकारी को निलंबित करते हुए विभागीय कार्यवाही करने का विचार रखती है?
तत्कालीन डीईओ को निलंबित करते हुए राशि वसूली जाए
इस पर मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि माननीय सदस्य जवाब से संतुष्ट नहीं हैx. हमें अलग से भी इस संबंध में जानकारी दी है. हम लोग इसको मुख्यालय स्तर पर समीक्षा करेंगे. अगर गलती या गबन का मामला आता है तो कार्रवाई करेंगे. इस पर प्रश्नकर्ता जेडीयू विधायक ने कहा कि डीएम, उप विकास आयुक्त ने जांच किया था और तत्कालीन जिला शिक्षा पदाधिकारी दोषी पाए गए थे .बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ी की गई थी. फिर भी इन्हें क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक (आरडीडीई) बना दिया गया. इसलिए तत्काल निलंबित किया जाय साथ ही इनके द्वारा नाजायज वसूली की गई है, क्या इसे वसूली की जाएगी?
सत्र खत्म होने के बाद जांच कराएंगे
इसके बाद फिर से शिक्षा मंत्री ने जवाब दिया कि पूर्व में जो जिला शिक्षा पदाधिकारी दोषी पाए गए थे, उन मामलों में हम लोगों ने सख्त कार्रवाई की है,केस किया है, निलंबित किया गया है.. विधानसभा का सत्र खत्म होने के बाद अपर मुख्य सचिव के स्तर पर हम इसकी जांच कराएंगे.





