1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 01, 2026, 5:47:37 PM
- फ़ोटो सोशल मीडिया
PATNA: बिहार मंत्रिपरिषद की बैठक में शिक्षा, परिवहन, पर्यटन और धार्मिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। राज्य में पांच नए केंद्रीय विद्यालय स्थापित किए जाएंगे, 31 बस स्टैंडों का पीपीपी मॉडल पर आधुनिकीकरण होगा, बक्सर के वामन मंदिर का विकास किया जाएगा और 1100 श्रद्धालुओं के लिए सोमनाथ यात्रा का आयोजन भी होगा। सम्राट कैबिनेट की बैठक में कुल 29 एजेंडों पर मुहर लगी है।
बिहार मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। शिक्षा, परिवहन, धार्मिक पर्यटन और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से लिए गए इन फैसलों से राज्य के लाखों लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
5 नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना को मंजूरी
कैबिनेट ने राज्य में पांच नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना के लिए प्रत्येक विद्यालय हेतु 5-5 एकड़ सरकारी भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है। ये विद्यालय निम्नलिखित स्थानों पर स्थापित किए जाएंगे—
पूर्णिया पूर्व (मौजा–मधुबनी, जिला पूर्णिया)
राजगीर (मौजा–पिलखी, जिला नालंदा)
शेखपुरा (मौजा–नीमी, जिला शेखपुरा)
मधेपुरा (मौजा–साहुगढ़, जिला मधेपुरा)
मधुबनी (अंचल–राजनगर, मौजा–सतिहारपुर, जिला मधुबनी)
सरकार का मानना है कि इन विद्यालयों के शुरू होने से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शैक्षणिक संसाधन और बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध होगा।
31 बस स्टैंडों का होगा आधुनिकीकरण
मंत्रिपरिषद ने राज्य के 31 बस स्टैंडों के आधुनिकीकरण और समग्र विकास के लिए पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। इस योजना के तहत पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, गया, दरभंगा, पूर्णिया, मुंगेर, कटिहार, सहरसा, नवादा, मधुबनी और किशनगंज समेत कई जिलों के बस स्टैंडों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इन बस स्टैंडों पर आधुनिक यात्री प्रतीक्षालय, पार्किंग, व्यावसायिक परिसर, डिजिटल सेवाएं, बेहतर स्वच्छता और उन्नत यातायात प्रबंधन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
बक्सर के भगवान वामन मंदिर का होगा विकास
कैबिनेट ने बक्सर स्थित केंद्रीय कारा परिसर में अवस्थित भगवान वामन मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण को भी मंजूरी दी है। निर्णय के अनुसार मंदिर परिसर के लिए भूमि को अलग से चिन्हित कर सुरक्षित रखा जाएगा। साथ ही चहारदीवारी, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए सुगम प्रवेश मार्ग विकसित किया जाएगा, जिससे मंदिर परिसर का समुचित विकास सुनिश्चित हो सके।
1100 श्रद्धालुओं के लिए होगी सोमनाथ यात्रा
बिहार सरकार ने "सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – 1000 वर्ष की अटूट आस्था" के अवसर पर राज्य के लगभग 1100 श्रद्धालुओं के लिए 20 जुलाई 2026 से दो दिवसीय सोमनाथ यात्रा आयोजित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। सरकार का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित धार्मिक यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराना और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है। इसके सफल आयोजन के लिए आवश्यक प्रशासनिक और वित्तीय व्यवस्थाओं को भी कैबिनेट की स्वीकृति मिल गई है।