Bihar News: खबर बेतिया के शिकारपुर थाना क्षेत्र से हैं जहां बालिका गृह से रिहा हुई एक युवती का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने और अपने पति की जान–माल की सुरक्षा की मांग कर रही है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि फर्स्ट बिहार-झारखंड नहीं करता है।
वीडियो में युवती ने बताया है कि करीब एक वर्ष पूर्व वह घर से भागकर एक युवक के साथ विवाह कर ली थी। इस संबंध में उसके पिता ने शिकारपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस द्वारा बरामद किए जाने के बाद युवती को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां उसने बयान दिया था कि उसका अपहरण नहीं हुआ है, बल्कि वह अपनी मर्जी से युवक के साथ गई थी और शादी की थी।
उस समय युवती नाबालिग थी, जिसके कारण उसे बालिका गृह भेज दिया गया। लगभग एक वर्ष तक वहां रहने के बाद बालिग होने पर उसके सास-ससुर ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे अपने साथ घर ले आए। फिलहाल युवती अपने पति के साथ ससुराल में रह रही है।
वायरल वीडियो में युवती का आरोप है कि उसके पिता और अन्य परिजन ससुराल पहुंचकर लगातार धमकी दे रहे हैं। उसने कहा है कि वह अपने वैवाहिक जीवन में खुश है, लेकिन परिवार की ओर से उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी मिल रही है। युवती ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा मुहैया कराने की अपील की है।
रिपोर्ट- संतोष कुमार, बेतिया





