1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 17, 2026, 5:25:06 PM
- फ़ोटो
Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बिजली तार चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. हत्था थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर गिरोह के 9 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से बड़ी मात्रा में चोरी किए गए बिजली के तार भी बरामद किए हैं. सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके अन्य साथियों की तलाश जारी है.
शुक्रवार को हत्था थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं. यह गिरोह मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर जिले के सीमावर्ती इलाकों में लंबे समय से बिजली के तार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था. पुलिस को इनकी गतिविधियों की लगातार शिकायत मिल रही थी, जिसके बाद विशेष टीम बनाकर कार्रवाई की गई.
गिरफ्तार आरोपियों में बरियारपुर थाना क्षेत्र के संतोष कुमार, सकरा थाना क्षेत्र के राकेश शाह और राजेश कुमार शामिल हैं. वहीं समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र के रहने वाले कमलेश झा, प्रियांशु कुमार, आदर्श कुमार, चंद्रदीप कुमार, अभिषेक कुमार और अविनाश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, गिरोह के ज्यादातर सदस्य पूसा-हरपुर इलाके के रहने वाले हैं और काफी समय से इस तरह की घटनाओं में शामिल थे.
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 30 किलोग्राम एलटी एबी काला केबल और चार बंडल एससीएसआर एल्युमिनियम तार बरामद किए हैं, जिनका वजन करीब 50 किलोग्राम बताया गया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये तार चोरी के हैं. पुलिस बरामद सामान के बारे में भी विस्तार से जांच कर रही है.
एसडीपीओ ने बताया कि हत्था थाना क्षेत्र और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ समय से बिजली के तार चोरी होने की कई घटनाएं सामने आई थीं. इससे बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो रही थी और विभाग को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था. लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की और पूरे गिरोह का खुलासा कर दिया.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ पहले से भी बिजली तार चोरी के मामले दर्ज हैं. अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्होंने किन-किन इलाकों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है.
प्रेस वार्ता के दौरान हत्था थानाध्यक्ष लोकेश कुमार चौधरी, दरोगा चितरंजन प्रसाद साह, संकेत कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. पुलिस का कहना है कि गिरोह के फरार सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.