Bihar Police News: बिहार पुलिस को कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक पुलिस अधिकारी युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए नजर आ रहा है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की फर्स्ट बिहार-झारखंड पुष्टि नहीं करता है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो मुजफ्फरपुर जिले के जजुआर थाना क्षेत्र के डुमरी गांव का है।वीडियो में गाली दे रहा शख्स जजुआर थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर असलम है जो पुलिस बल के साथ किसी मामले की जांच के लिए गांव पहुंचे थे। जांच के दौरान वहां मौजूद एक युवक से उनकी कहासुनी हो गई।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सब इंस्पेक्टर असलम युवक को गाली देते नजर आ रहे हैं। जब युवक गाली देने का विरोध करता है, तो पुलिस अधिकारी द्वारा उसके साथ मारपीट की जाती है। इसी दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर एक बार फिर कई सवाल खड़े हो गए हैं कि एक ओर वरीय पुलिस अधिकारी थाना स्तर के पदाधिकारियों को आम लोगों से मित्रवत व्यवहार करने की सलाह देते हैं, वहीं दूसरी ओर थाना स्तर पर तैनात अधिकारी खुलेआम गाली-गलौज और मारपीट करते नजर आते हैं।
पूरे मामले को लेकर ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर विधि सम्मत कार्रवाई के लिए एसडीपीओ ईस्ट-1 को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





