1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 17, 2026, 4:15:04 PM
- फ़ोटो ai
Bihar Crime News: बिहार के मुंगेर जिले के धरहरा थाना क्षेत्र स्थित मध्य विद्यालय अमारी में शुक्रवार को उस समय हंगामा मच गया, जब एक छात्रा के परिजनों ने स्कूल परिसर में ही कंप्यूटर शिक्षक की पिटाई कर दी. परिजनों का आरोप है कि शिक्षक ने उनकी बेटी के साथ गलत हरकत की थी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे कक्षा आठ की एक छात्रा अपने परिजनों के साथ स्कूल पहुंची. इसी दौरान छात्रा के परिजनों ने कंप्यूटर शिक्षक को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. अचानक हुई इस घटना से स्कूल परिसर में अफरातफरी मच गई. शिक्षक और अन्य स्कूल कर्मियों के बीच बचाव के बाद भी काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा.
विद्यालय की प्रधानाध्यापक ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई. इसके बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने शिक्षक और छात्रा दोनों को पूछताछ के लिए थाना ले जाकर मामले की जांच शुरू कर दी.
छात्रा के परिजनों का आरोप है कि करीब दो महीने पहले कंप्यूटर शिक्षक ने छात्रा के साथ गलत हरकत की थी. उनका यह भी कहना है कि घटना के बाद शिक्षक ने छात्रा को कोई दवा भी दी थी. परिजनों के मुताबिक, इस घटना के बाद से छात्रा मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी और उसकी तबीयत भी लगातार खराब थी. इसी वजह से वह पिछले एक सप्ताह से स्कूल नहीं जा रही थी.
घटना के बाद स्कूल में पढ़ाई भी कुछ समय के लिए प्रभावित रही. छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं. वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
धरहरा थानाध्यक्ष ने बताया कि छात्रा और उसके परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि अभी तक मामले की जांच चल रही है. परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.