Bihar News: बड़ी खबर बिहार के खगड़िया जिले से आ रही है, जहां प्रसाद खाने के बाद करीब 100 लोगों की तबीयत बिगड़ गई है। एकसाथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। घटना परबत्ता थाना इलाके के नया गांव की है।
दरअसल, नया गांव में विषाक्त प्रसाद खाने से करीब एक सौ लोग आज बीमार हो गए। बीमार होने वालों में महिला और बच्चे भी शामिल है। आनन फानन में परिजनों ने कुछ को इलाज के लिए CHC में भर्ती कराया है जबकि कुछ का इलाज गांव में मेडिकल टीम के निगरानी में चल रहा है।
अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। बीमार लोगों के परिजनों ने बताया कि शिवरात्रि के दिन प्रसाद के रूप में भांग मिला दूध पीए थे। जिसके सेवन के घंटों बाद धीरे धीरे सभी की तबियत बिगड़ने लगी। उल्टी, दस्तऔर पेट दर्द की शिकायत होने लगी।
इधर, परबत्ता CHC प्रभारी डॉक्टर कशिश ने बताया कि यह मामला फूड पॉइजनिंग का है। लगभग 100 लोग बीमार पड़े हैं। जिसमें कुछ को CHC लाया है जबकि कुछ का इलाज गांव में मेडिकल टीम की निगरानी में हो रहा है।
रिपोर्ट- अनिश कुमार, खगड़िया




