Bihar News: बिहार के गयाजी से ट्रैफिक पुलिस और ऑनलाइन चालान सिस्टम की गंभीर लापरवाही को उजागर करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वैशाली जिले के लालगंज निवासी आनंद प्रकाश की स्कॉर्पियो उस समय उनके घर पर खड़ी थी, लेकिन उसी नंबर पर गयाजी में बिना हेलमेट और बदतमीजी का 1500 रुपये का चालान काट दिया गया।
हैरानी की बात यह है कि स्कॉर्पियो चार पहिया वाहन है, जबकि चालान दो पहिया वाहन का दर्ज किया गया। आनंद प्रकाश को इस गलती की जानकारी तब हुई, जब वे वैशाली में अपनी गाड़ी का इंश्योरेंस और पॉल्यूशन सर्टिफिकेट बनवाने पहुंचे। सिस्टम में जांच के दौरान पता चला कि वाहन नंबर पर पुराना चालान लंबित है।
चालान भुगतान के बिना न इंश्योरेंस हो सका और न ही पॉल्यूशन प्रमाण पत्र। मजबूरी में उन्हें 155 किलोमीटर की दूरी तय कर गयाजी आना पड़ा। पीड़ित का कहना है कि चालान बीते वर्ष फरवरी का है, जबकि उस समय वे गयाजी आए ही नहीं थे। उनकी स्कॉर्पियो पूरे समय वैशाली में थी। इसके बावजूद बाइक से जुड़ा चालान उनके वाहन नंबर पर दर्ज कर दिया गया।
आनंद प्रकाश ने इसे आर्थिक और मानसिक प्रताड़ना बताया। मामले को लेकर ट्रैफिक डीएसपी मनोज कुमार से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। यह घटना ट्रैफिक व्यवस्था और ऑनलाइन चालान सिस्टम की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
रिपोर्ट- नितम राज, गयाजी


