Hindi News / bihar / buxar / आरा से एडमिशन कराने बक्सर आए युवक की हत्या, खेत में मिला शव;...

आरा से एडमिशन कराने बक्सर आए युवक की हत्या, खेत में मिला शव; पुलिस ने दो लड़कियों को हिरासत में लिया

Bihar Crime News: बक्सर में कॉलेज में एडमिशन के लिए आए एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है और पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है। पूछताछ के लिए दो युवतियों को हिरासत में लिया...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 04, 2026, 11:40:52 AM

आरा से एडमिशन कराने बक्सर आए युवक की हत्या, खेत में मिला शव; पुलिस ने दो लड़कियों को हिरासत में लिया

- फ़ोटो

Bihar Crime News: बिहार के बक्सर जिले में कॉलेज में नामांकन कराने आए एक 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले के एक खाली प्लॉट से युवक का शव बरामद हुआ है. मृतक के सिर और कनपटी पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए दो युवतियों को हिरासत में लिया है और हर पहलू से जांच शुरू कर दी है.


मृतक की पहचान भोजपुर जिले के आरा शहर के अरवल मोहल्ला निवासी कमलेश पांडेय के 22 वर्षीय पुत्र ओम पांडेय के रूप में हुई है. शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने खाली प्लॉट में शव पड़ा देखा और इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.


प्रारंभिक जांच में पुलिस को मृतक के सिर के पीछे और कनपटी के पास गहरे चोट के निशान मिले. नाक से भी खून बह रहा था और शव अकड़ी हुई अवस्था में पड़ा था. युवक ने जींस और बनियान पहन रखी थी. उसकी जेब से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जांच के लिए जब्त कर लिया है.


इसी दौरान युवक की तलाश कर रहे उसके दो दोस्त भी घटनास्थल पर पहुंच गए और शव की पहचान ओम पांडेय के रूप में की. दोस्तों ने पुलिस को बताया कि ओम बक्सर के नया बाजार स्थित उनके कमरे पर ठहरा हुआ था. उसने बताया था कि वह बक्सर के एक कॉलेज में एडमिशन कराने आया है.


दोस्तों के अनुसार, शुक्रवार शाम ओम ने शिवपुरी मोहल्ले की एक युवती से मिलने की बात कही थी. वे उसे युवती के घर के पास छोड़कर वापस लौट गए थे. देर रात तक ओम के कमरे पर नहीं लौटने और कई बार फोन करने के बावजूद संपर्क नहीं होने पर उन्होंने उसकी तलाश शुरू की. शनिवार सुबह उन्हें उसके शव मिलने की सूचना मिली.


पुलिस को शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका है. आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या के बाद शव को खाली प्लॉट में फेंक दिया गया. हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.