1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 04, 2026, 2:43:40 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: बिहार के गयाजी जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। लापता चारपहिया वाहन चालक रौशन कुमार उर्फ रॉकेट का शव पूनावां गांव के पास बगाही पहाड़ के पीछे से बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई की देर रात कुर्किहार गांव के ग्रामीणों ने एक संदिग्ध चारपहिया वाहन को रोककर उसमें सवार तीन युवकों को पकड़ लिया था। सूचना मिलने पर वजीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को वाहन समेत थाने ले गई।
अगले दिन सुबह रौशन कुमार के परिजनों ने थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और आशंका जताई कि पकड़े गए युवकों का उसके लापता होने से संबंध हो सकता है। इसी बीच बगाही पहाड़ के पीछे शव मिलने से परिजनों की आशंका और गहरा गई।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं पुलिस ने पहले से हिरासत में लिए गए तीनों युवकों से गहन पूछताछ शुरू कर दी है। वजीरगंज थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने शव बरामद होने की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हत्या के कारणों और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
रिपोर्ट- नितम राज, गयाजी