Hindi News / crime / बिहार में बालू माफिया का दुस्साहस: छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम के साथ...

बिहार में बालू माफिया का दुस्साहस: छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम के साथ की हाथापाई, वीडियो वायरल

Bihar Crime News: जमुई में अवैध बालू खनन के खिलाफ छापेमारी करने गई डायल-112 पुलिस टीम पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया। हाथापाई और धक्का-मुक्की की यह घटना कैमरे में कैद होकर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।

1st Bihar Published by: Dheeraj Kumar Updated Jul 04, 2026, 1:43:12 PM

Bihar Crime News

- फ़ोटो Reporter

Bihar Crime News: जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र के देवपुर में शुक्रवार को अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची डायल-112 पुलिस टीम पर बालू माफियाओं ने हमला बोल दिया। कार्रवाई का विरोध करते हुए तस्करों और उनके सहयोगियों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की। इस दौरान बालू से लदे ट्रैक्टर को छुड़ाने की भी कोशिश की गई। पूरी घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


जानकारी के अनुसार, देवपुर इलाके में अवैध बालू खनन और परिवहन की सूचना मिलने पर पुलिस पदाधिकारी विकास कुमार के नेतृत्व में डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जैसे ही कार्रवाई शुरू की, वहां मौजूद बालू तस्कर और उनके सहयोगी उग्र हो गए। आरोप है कि उन्होंने ट्रैक्टर पर लदा बालू उतरवाना शुरू कर दिया और पुलिस टीम के साथ हाथापाई करते हुए सरकारी कार्रवाई में बाधा डाली।


इस दौरान बालू से लदा ट्रैक्टर भागने की कोशिश में खेत में फंस गया। पुलिस उसे जब्त करने का प्रयास कर रही थी, लेकिन तस्कर लगातार ट्रैक्टर को छुड़ाने की कोशिश करते रहे। हालात बिगड़ते देख पुलिस पदाधिकारी ने इसकी सूचना खैरा थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह को दी।


इसके बाद पुअनि कुंज बिहारी कुमार के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अतिरिक्त बल के पहुंचने के बाद स्थिति पर काबू पाया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बालू खनन में इस्तेमाल हो रहे ट्रैक्टर का इंजन जब्त कर लिया। साथ ही घटनास्थल से एक ट्रैक्टर, एक बाइक और एक मोबाइल भी बरामद किया गया।


खैरा थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले में बालू माफिया मूरो शाह उर्फ मुरारी शाह, झुंडो पंचायत के मुखिया पति दिनेश यादव उर्फ डीपी यादव, सहयोगी संजय यादव, बिंदु शाह के पुत्र सूरज साह उर्फ बॉस, चालक अर्जुन कुमार (पिता- राजेश राम) सहित 8 से 10 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी आरोपितों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस के साथ मारपीट करने तथा अवैध बालू खनन एवं परिवहन से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर अवैध बालू खनन और तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।


पूरे मामले को लेकर एसडीपीओ सतीश सुमन और एसपी विश्वजीत दयाल ने भी घटना की पुष्टि की है। अधिकारियों ने बताया कि घटना का लाइव वीडियो पुलिस के पास उपलब्ध है और उसी के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। वीडियो में दिखाई देने वाले सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी बालू माफिया को बख्शा नहीं जाएगा।


सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिस टीम अवैध बालू से लदे ट्रैक्टर को जब्त करने का प्रयास कर रही है, जबकि बालू माफिया खुलेआम पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई कर रहे हैं। यह घटना न सिर्फ बालू माफियाओं के बढ़ते दुस्साहस को उजागर करती है, बल्कि कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती भी देती है। फिलहाल पुलिस वीडियो के आधार पर सभी आरोपितों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।