Hindi News / career / Success Story: शादी के अगले दिन आया BPSC रिजल्ट, दुल्हन बनी स्टेट टैक्स...

Success Story: शादी के अगले दिन आया BPSC रिजल्ट, दुल्हन बनी स्टेट टैक्स ऑफिसर: दूसरे प्रयास में मिली बड़ी सफलता

Success Story: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) 70वीं परीक्षा में भोजपुर की सुदिति भूषण ने शानदार सफलता हासिल कर राज्य कर आयुक्त का पद प्राप्त किया है। खास बात यह है कि उनके जीवन के इस बड़े पल के साथ एक और खुशी भी जुड़ गई, जिससे यह कहानी और भी खास बन...

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 04, 2026, 1:11:10 PM

Success Story: शादी के अगले दिन आया BPSC रिजल्ट, दुल्हन बनी स्टेट टैक्स ऑफिसर: दूसरे प्रयास में मिली बड़ी सफलता

- फ़ोटो

Success Story: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का परिणाम भोजपुर की रहने वाली सुदिति भूषण के लिए जिंदगी की दोहरी खुशियां लेकर आया. एक तरफ 19 जून को उनकी शादी हुई, तो दूसरी ओर अगले ही दिन 20 जून को जारी बीपीएससी के रिजल्ट में उन्होंने शानदार सफलता हासिल कर राज्य कर आयुक्त (State Tax Officer) का पद प्राप्त किया. शादी की खुशियां अभी खत्म भी नहीं हुई थीं कि अफसर बनने की खबर ने पूरे परिवार की खुशी को कई गुना बढ़ा दिया.


भोजपुर जिले के सदर प्रखंड के बड़का डुमरा गांव की रहने वाली सुदिति भूषण ने बीपीएससी की 70वीं परीक्षा दूसरे प्रयास में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की. उनकी शादी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी और कार्यपालक दंडाधिकारी (Executive Magistrate) सौरभ श्रीवास्तव से हुई है. शादी के अगले ही दिन जब बीपीएससी का परिणाम घोषित हुआ तो सुदिति के लिए यह पल जिंदगी का सबसे यादगार बन गया.


सुदिति के लिए यह पहली सफलता नहीं है. इससे पहले उन्होंने 64वीं बीपीएससी परीक्षा में 486वीं रैंक हासिल कर अंचल अधिकारी (CO) का पद प्राप्त किया था. वर्तमान में वह बक्सर जिले में चकबंदी पदाधिकारी के रूप में कार्यरत थीं. हालांकि, उनका लक्ष्य इससे भी बेहतर रैंक हासिल करना था. नौकरी के साथ लगातार पढ़ाई जारी रखी और दूसरे प्रयास में अपनी मेहनत के दम पर राज्य कर आयुक्त का पद हासिल कर लिया.


सुदिति की शुरुआती पढ़ाई पटना के सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल से हुई. इसके बाद उन्होंने पटना वीमेंस कॉलेज से भूगोल ऑनर्स में स्नातक की पढ़ाई पूरी की. शिक्षा के साथ-साथ उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर लगातार फोकस बनाए रखा, जिसका परिणाम आज सबके सामने है.


उनका परिवार भी शिक्षा और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़ा रहा है. उनके पिता डॉ. कृष्ण भूषण प्रसाद भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, जबकि उनकी मां डॉ. निभा श्रीवास्तव आकाशवाणी पटना में उद्घोषिका हैं. उनकी बड़ी बहन मेधा भूषण और बहनोई 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं. वहीं छोटे भाई सत्यम भूषण श्रीवास्तव बीएचयू से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं.