Bihar News: बिहार के आरा में बालू माफिया की मनमानी ने एक घर का चिराग बुझा दिया। कोईलवर थाना क्षेत्र के पुराना हरिपुर गांव के सामने पैंसठवा घाट के समीप सोन नदी में नहाने के दौरान तीन बच्चे डूब गए। इस हादसे में एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है।
मृतक की पहचान हरिपुर निवासी धीरज कुमार के 13 वर्षीय पुत्र लाडो के रूप में हुई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दो अन्य बच्चे शशि कुमार के 20 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार और संजीव कुमार के 15 वर्षीय पुत्र गौरव अभी तक लापता हैं और उनकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे अपने मित्रों के साथ नदी में नहाने गए थे। बालू खनन से बने गड्ढे का अंदाजा न होने के कारण बच्चे पानी में चले गए और डूबने लगे। पास में मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बच्चे डूब चुके थे। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और प्रशासन को जानकारी दी गई।
पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। कोईलवर थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र ने बताया कि लापता दोनों बच्चों की खोजबीन जारी है। अंचलाधिकारी और एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को राहत और आवश्यक मदद देने की मांग की गई है।





