Asia Cup 2025: बिहार के लिए गुड न्यूज है। बिहार के राजगीर में हॉकी एशिया कप का आयोजन होने जा रहा है। सोमवार को हॉकी इंडिया और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर हुआ। यह टूर्नामेंट 29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर हॉकी स्टेडियम में होगा।
यह राजगीर में आयोजित होने वाला दूसरा अंतरराष्ट्रीय खेल होगा। इससे पहले नवंबर 2024 में महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का सफल आयोजन हुआ था जिसमें भारतीय महिला टीम विजेता बनी थी। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के 12वें संस्करण में आठ टीमें भाग लेंगी। प्रमुख टीमें इस प्रकार हैं-भारत, पाकिस्तान, जापान, कोरिया, चीन, मलेशिया, अन्य दो टीमें क्वालीफाइंग टूर्नामेंट एएचएफ कप के माध्यम से अपनी जगह सुनिश्चित करेंगी।
बिहार के खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी राजेंद्र ने कहा कि राजगीर में हीरो एशिया कप 2025 की मेजबानी हमारे राज्य के लिए गर्व की बात है। हम टूर्नामेंट के सुचारू आयोजन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। यह आयोजन न केवल बिहार की प्रतिष्ठा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाएगा बल्कि क्षेत्र में हॉकी के नए खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगा।






