Hindi News / politics / भाजपा दफ्तर के बाहर किसने लगा दिया सम्राट चौधरी का पोस्टर? फिर क्या...

भाजपा दफ्तर के बाहर किसने लगा दिया सम्राट चौधरी का पोस्टर? फिर क्या हुआ जो पार्टी कार्यकर्ताओं ने ही फाड़कर हटाया

Bihar Politics: बिहार में नए सीएम की रेस में सियासी हलचल बढ़ गई है. इसी बीच पटना में भाजपा दफ्तर के बाहर सम्राट चौधरी का पोस्टर लगाया गया लेकिन बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ही इसे फाड़कर हटा दिया.

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 09, 2026, 1:12:54 PM

Bihar Politics

- फ़ोटो Reporter

Bihar Politics: बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इसको लेकर एनडीए में सीएम के नए चेहरे की तलाश तेज है। इस रेस में सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे है हालांकि इस रेस में उनके अलावे कई नामों की चर्चा हो रही है। इस बीच बीजेपी दफ्तर के बाहर सम्राट चौधरी को सीएम बनाने के समर्थन में पोस्टर लगा दिया गया, जिसके बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ही उसे फाड़कर हटा दिया।


दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल यानी 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ ग्रहण करेंगे। मुख्यमंत्री आज शाम तीन बजे की फ्लाईट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। दिल्ली में शपथ ग्रहण के बाद वह वापस बिहार लौट आएंगे। 


पटना लौटने के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इस बीच एनडीए में नए सीएम की तलाश तेज हो गई है। नए सीएम के तौर पर सम्राट चौधरी से लेकर कई कई नामों की चर्चा है हालांकि किसी भी नाम पर अबतक आधिकारित तौर पर मुहर नहीं लग सकी है।


इस बीच बिहार बीजेपी प्रदेश कार्यालय के मुख्य गेट के पास किसी ने सम्राट चौधरी के समर्थन में पोस्टर लगा दिया और सम्राट को बिहार का अगला सीएम बनाने की मांग कर दी। पोस्टर में लिखा था, ‘बाल्मिकी समाज संघ की यही पुकार बिहार में हो सम्राट की सरकार। 


नीचे लिखा गया कि भाजपा को हमने दिया है हर संभव साथ, ठेकेदारी प्रथा आपकी सरकार में हो समाप्त’। इस पोस्टर की खबर मीडिया में आने के बाद हड़कंप मच गया और आनन फानन में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पोस्टर को फाड़कर हटा दिया। 


पोस्टर पर बीजेपी की तरफ से जवाब आया कि यह पोस्टर बीजेपी की तरफ से नहीं लगाया गया था। जिन लोगों ने पोस्टर को लगाया उनका बीजेपी से कोई लेना देना नहीं है। बहरहाल, पोस्टर लगाने का उद्देश्य क्या था यह तो पोस्टर लगाने वाला और बीजेपी जाने लेकिन पोस्टर लगाने और बाद में उसे फाड़कर हटाने के बाद सियासत में तरह तरह के कयास जरूर लगाए जा रहे हैं।