Bihar Politics: पूर्णिया के निर्दलीय सांसद और कांग्रेस नेता राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने इंडिया गठबंधन के को-ऑर्डिनेशन कमेटी के चेयरमैन तेजस्वी यादव को हिदायत दे दी है। उन्होंने नाम लिए बिना कहा कि हर दल अपने उम्मीदवार तय करने में सक्षम है, इसलिए किसी को ‘हेडमास्टर’ बनने की जरूरत नहीं है।
पप्पू यादव ने कहा कि कांग्रेस में कौन-कौन चुनाव लड़ेगा, यह पार्टी के प्रभारी और नेता तय करेंगे। आप यह नहीं तय कर सकते कि किस दल से कौन चुनाव लड़े। कांग्रेस के माई बाप राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और खरगे हैं। विचारधारा का नेतृत्व कांग्रेस खुद करती है, न कि कोई और।
बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी के तहत 12 जून को पटना में तेजस्वी यादव के आवास पर महागठबंधन की बैठक हुई थी। इसमें निर्णय लिया गया कि अगली बैठक में सभी दल अपने-अपने दावे वाले क्षेत्रों से प्रत्याशियों की सूची देंगे। लेकिन इस बैठक को लेकर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है।
पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा ने आपत्ति जताई कि उसे बैठक में आमंत्रित नहीं किया गया। अब कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने तेजस्वी यादव के नेतृत्व और रवैये पर सवाल उठाए हैं। तेजस्वी यादव को महागठबंधन का सीएम चेहरा घोषित करने के बाद अब प्रत्याशी चयन को लेकर भी अंदरूनी खींचतान सामने आ रही है।
कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि तेजस्वी सिर्फ समन्वय समिति के अध्यक्ष हैं, न कि गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के फाइनल उम्मीदवार। उन्होंने यह भी कहा था कि सीएम फेस अभी तय नहीं हुआ है। पटना में पत्रकारों से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा, इंडिया गठबंधन के घटक दलों को मेरी एक सलाह है कि हेडमास्टर मत बनिए, हर पार्टी स्वतंत्र है और अपने फैसले खुद ले सकती है।

