Hindi News / politics / नीतीश कुमार के समर्थन में पटना में लगे पोस्टर, 'भारत रत्न' देने की...

नीतीश कुमार के समर्थन में पटना में लगे पोस्टर, 'भारत रत्न' देने की मांग; निशांत को बताया 'फ्यूचर लीडर ऑफ बिहार'

Bihar Politics: पटना में लगे पोस्टरों में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को 'भारत रत्न' देने की मांग की गई है। साथ ही 'मिशन विकसित बिहार-2040' और निशांत कुमार को 'फ्यूचर लीडर ऑफ बिहार' बताते हुए कई राजनीतिक संदेश भी दिए गए हैं।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 04, 2026, 12:15:27 PM

Bihar Politics

- फ़ोटो Reporter

Bihar Politics: पटना में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 वर्षों के शासनकाल को लेकर बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में उनके कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से सम्मानित करने की मांग की गई है। साथ ही पहली बार 'मिशन विकसित बिहार-2040' और उनके पुत्र निशांत कुमार को लेकर भी कई राजनीतिक संदेश प्रमुखता से दिए गए हैं।


'20 साल बेमिसाल' और 'भारत रत्न' की मांग

पोस्टर में लिखा गया है, "नीतीश सेवक मांग रहा है... अब 'भारत रत्न सम्मान'।" इसके साथ ही "20 साल बेमिसाल... जनसेवा की स्वर्णिम मिसाल..." जैसे नारे भी शामिल किए गए हैं। पोस्टर में दावा किया गया है कि नीतीश कुमार ने अपने दो दशक के शासनकाल में बिहार को एकता, न्याय और समावेशी विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया। इसमें यह भी कहा गया है कि उनके नेतृत्व में विकास, कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय बदलाव हुए हैं। पोस्टर में इन उपलब्धियों को "विश्व कीर्तिमान" तक बताया गया है।


निशांत कुमार को लेकर राजनीतिक संदेश

पोस्टर की सबसे खास बात इसमें निशांत कुमार को लेकर दिए गए संदेश हैं। पोस्टर में "तीर निशान! तकदीर निशांत!!" का नारा लिखा गया है। वहीं, उन्हें "फ्यूचर लीडर ऑफ बिहार" बताया गया है। इसके अलावा पोस्टर में "निशांत निश्चय" और "नीतीश जी का मिशन अधूरा... निशांत कुमार ही करेंगे पूरा..." जैसे नारे भी प्रमुखता से लिखे गए हैं, जिन्हें राजनीतिक संकेतों के तौर पर देखा जा रहा है।


'मिशन विकसित बिहार-2040' का भी जिक्र

पोस्टर में "मिशन विकसित बिहार-2040" का भी उल्लेख किया गया है। इसके जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि बिहार के दीर्घकालिक विकास को लेकर एक व्यापक लक्ष्य तय किया गया है। पोस्टरों में इस मिशन को नीतीश कुमार के विकास विजन से जोड़कर प्रस्तुत किया गया है।