Bihar Politics: विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने नालंदा के मघड़ा स्थित शीतला मंदिर में हुई भगदड़ से श्रद्धालुओं की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसके लिए प्रशासनिक कुव्यवस्था को जिम्मेदार बताया है।
उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन की लापरवाही के कारण भगदड़ की हृदयविदारक घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
वीआईपी के संस्थापक मुकेश सहनी ने घायलों के समुचित इलाज, मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। इस घटना की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि प्रत्येक मंगलवार को वहां श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है, ऐसे में वहां भीड़ को नियंत्रित करने की व्यवस्था क्यों नहीं की गई थी? ऐसे में यह शासन और प्रशासन की लापरवाही साफ दिख रही है। इस घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए, जिससे फिर ऐसी घटना नहीं हो।
