Bihar Politics: गुजरात विधानसभा से पास हुए यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) बिल को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) ने इस बिल का विरोध करते हुए इसे असंवैधानिक और धार्मिक स्वतंत्रता के खिलाफ बताया है। इसी मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
बेगूसराय पहुंचे गिरिराज सिंह ने कहा है कि कुछ मुस्लिम संगठन देश को “इस्लामिक भारत” बनाना चाहते हैं, जो किसी भी सूरत में संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि एक देश, एक कानून ही UCC है और नरेंद्र मोदी सरकार के रहते यह देश में लागू होकर रहेगा। जो राज्य इसे लागू नहीं करेंगे, वे मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति के कारण ऐसा करेंगे।
गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि यह मुद्दा हिंदू-मुस्लिम का नहीं, बल्कि देश में समान कानून लागू करने का है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ संगठन शरीया कानून को बनाए रखना चाहते हैं, लेकिन देश में समान नागरिक संहिता लागू करना ही सरकार का लक्ष्य है। अब देखना यह होगा कि इस मुद्दे पर आगे राजनीतिक और कानूनी लड़ाई किस दिशा में जाती है।
