Rajya Sabha Election 2026: बिहार में सियासी उलटफेर के बीच आखिरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। उनके साथ गठबंधन के सभी पांच उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत गठबंधन के तमाम बड़े नेता मौजूद रहे।
दरअसल, राज्यसभा में बिहार की पांच सीटें खाली हो रही हैं। इन पांच सीटों पर इसी महीने चुनाव होने जा रहे हैं। आज नामांकन का अंतिम दिन है। नामांकन के आखिरी दिन एनडीए के पांचों उम्मीदवारों ने नॉमिनेशन फाइल कर दिया है। पांच उम्मीदवारों में सबसे चौंकाने वाला नाम नीतीश कुमार का है।
नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री का पद छोड़ कर राज्यसभा जाने का फैसला लिया है। नीतीश कुमार के इस फैसले से बिहार की सियासत में हड़कंप मच गया है। पहले इस सीट के लिए नीतीश कुमार के बेटे निशांत के नाम की चर्चा हो रही थी लेकिन हमेशा की तरह नीतीश कुमार ने राज्य के लोगों को बड़ा सरप्राइज दिया और खुद राज्यसभा जाने का एलान कर पार्टी के लोगों के साथ साथ बिहार की जनता को भी हैरान कर दिया।
तमाम तरह के राजनीतिक कयासों और चर्चाओं के बीच आखिरकार उन्होंने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। उनके साथ बीजेपी के दो उम्मीदवार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और शिवेश कुमार के अलावा राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और जेडीयू से कर्पूरी ठाकुर के बेटे रामनाथ ठाकुर ने अपना नामांकन दाखिल किया है।




