Bihar Politics: राजधानी पटना के वीवीआईपी इलाके में फायरिंग की वारदात के बाद इसपर सियासत शुरू हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर सरकार पर जोरदार हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया के जरिए सरकार को घेरने की कोशिश की है।
तेजस्वी ने एक्स और अपने ऑफिसियल फेसबुक पेज पर लिखा, “आज मेरे आधिकारिक आवास के बाहर गोली चलाई/चलवाई गयी है। NDA के राक्षस राज में सत्ता संरक्षित अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ा हुआ है कि अपराधी हाई सिक्योरिटी जोन में कुछ ही दूरी पर जहां राज्यपाल आवास राजभवन, मुख्यमंत्री आवास, नेता प्रतिपक्ष आवास, न्यायाधीश आवास और एयरपोर्ट है वहाँ ख़ूंख़ार अपराधी खुलेआम फायरिंग करते घूम रहे है”।
उन्होंने आगे लिखा, “ख़बरदार! कोई इसे जंगलराज कहेगा तो? वैसे भी कल प्रधानमंत्री बिहार आ रहे है इसलिए गोदी मीडिया को सकारात्मक छवि बनाए रखनी है”। बता दें कि पटना के नए एसएसपी कार्तिकेय कुमार ने आज ही पदभार ग्रहण किया है। उनके पदभार ग्रहण करने से पहले अपराधियों ने वीवीआईपी इलाके में गोलीबारी की घटना को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी है।
राजधानी के सबसे वीवीआईपी इलाके में गुरुवार सुबह अपराधियों ने बेखौफ होकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। मंत्री अशोक चौधरी के सरकारी आवास के ठीक नजदीक एक युवक को लूटपाट के दौरान गोली मार दी गई। यह वारदात उस इलाके में हुई है जहां कई मंत्रियों और वरीय अधिकारियों के आवास स्थित हैं। घटनास्थल से थोड़ी ही दूर पर तेजस्वी यादव का भी सरकारी आवास है।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इलाके की नाकेबंदी कर दी गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। यह वारदात इस लिहाज से बेहद गंभीर मानी जा रही है क्योंकि यह राजधानी के उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में हुई है।

