Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सीमांचल से अपने चुनावी अभियान का आगाज़ कर दिया है। किशनगंज में आयोजित रैली के दौरान ओवैसी ने सत्तारूढ़ एनडीए के साथ-साथ विपक्षी गठबंधन 'INDIA' पर भी तीखे हमले किए। उन्होंने खुद को बीजेपी की "बी टीम" बताए जाने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए करारा जवाब दिया।
एक समाचार चैनल से बातचीत में ओवैसी ने दावा किया कि अगर बिहार में एनडीए की सरकार बनती है, तो इस बार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नहीं बल्कि भाजपा का कोई नेता होगा। उन्होंने कहा कि यह संकेत स्पष्ट हैं कि अब भाजपा अपने दम पर मुख्यमंत्री पद की दावेदारी करेगी।
जब उनसे पूछा गया कि AIMIM पर मुस्लिम वोट काटने और भाजपा की मदद करने का आरोप लगता है, तो ओवैसी ने कहा कि ये महज आरोप हैं। लालू यादव के घर के बाहर हमारे कार्यकर्ता पहुंचे थे, दुश्मन भी आए तो उसे बैठाकर बात करनी चाहिए। तेजस्वी और लालू को किस बात का डर है, ये वही जानें। मेरे दिल में कोई डर नहीं है।
ओवैसी ने कहा कि अगर INDIA गठबंधन उन्हें विधानसभा की 6 सीटें देता है, तो AIMIM गठबंधन में शामिल हो सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने तेजस्वी यादव को कई बार पत्र लिखकर सीटों की मांग की है। अब गेंद INDIA गठबंधन के पाले में है। उन्होंने कहा कि अगर जवाब नहीं मिला, तो साफ हो जाएगा कि असली में भाजपा की मदद कौन कर रहा है।
ओवैसी ने किशनगंज से तीन दिवसीय 'सीमांचल न्याय यात्रा' की शुरुआत की, जो उत्तर बिहार के मुस्लिम बहुल इलाकों में केंद्रित है। उन्होंने कहा कि पिछली बार की तरह इस बार भी सीमांचल में जो भी पार्टी उनके खिलाफ होगी, AIMIM उसे हराएगी। बता दें कि 2020 के विधानसभा चुनाव में AIMIM ने सीमांचल क्षेत्र में 5 सीटें जीतकर सबको चौंका दिया था, जिससे राजद को बड़ा नुकसान हुआ था। हालांकि बाद में इनमें से चार विधायक आरजेडी में शामिल हो गए थे।



