Hindi News / bihar / jahanabad-news / BIHAR NEWS : शादी की खुशियां मातम में बदलीं! डीजे पर डांस के...

BIHAR NEWS : शादी की खुशियां मातम में बदलीं! डीजे पर डांस के दौरान शुरू हुआ विवाद, सो रहे युवकों पर चाकू से हमला, 18 साल के युवक की मौत

बिहार के जहानाबाद में शादी समारोह के दौरान डीजे पर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बाराती और सराती के बीच हुई मारपीट के बाद सो रहे युवकों पर चाकू से हमला किया गया। 18 वर्षीय नागेंद्र कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 09, 2026, 10:49:18 AM

BIHAR NEWS : शादी की खुशियां मातम में बदलीं! डीजे पर डांस के दौरान शुरू हुआ विवाद, सो रहे युवकों पर चाकू से हमला, 18 साल के युवक की मौत

- फ़ोटो

BIHAR NEWS : बिहार के जहानाबाद जिले में एक शादी समारोह उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब डीजे पर नाचने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। बारात और सरात पक्ष के बीच पहले मारपीट हुई और फिर चाकूबाजी की घटना ने पूरे गांव को दहला दिया। इस हिंसा में 18 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस एहतियातन कैंप कर रही है।


जानकारी के अनुसार, शकुराबाद थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव में मेजी उर्फ लोभी बिंद के घर ओकरी थाना क्षेत्र के कुरुआ गांव से बारात आई थी। देर रात पारंपरिक देवपूजन की रस्म के लिए बाराती डीजे की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर बारात और सरात पक्ष के कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआत में मामला मामूली लग रहा था, लेकिन कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट होने लगी।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झड़प के दौरान दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए। बाराती पक्ष के प्रवीण कुमार समेत अन्य लोगों को भी चोटें आईं। मामला यहीं नहीं रुका। आरोप है कि विवाद के बाद गुस्साए कुछ बाराती जलमासा पहुंचे, जहां टेंट और पंडाल में मजदूर के रूप में काम कर रहे चार युवक सो रहे थे। उन पर चाकू से हमला कर दिया गया। इस हमले में साहिल कुमार, सूरज कुमार, नागेंद्र कुमार और शंभू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची शकुराबाद थाना पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल रामाश्रय प्रसाद सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए चारों घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच भेज दिया। पीएमसीएच में इलाज के दौरान सलारपुर निवासी सुखल साव के 18 वर्षीय पुत्र नागेंद्र कुमार ने दम तोड़ दिया। वहीं शंभू कुमार की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। अन्य घायलों का इलाज जारी है।


घटना के बाद गांव के कुछ लोगों ने तीन बारातियों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा। इस दौरान स्थिति काफी तनावपूर्ण बनी रही।


शकुराबाद थाना अध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि बारात और सरात पक्ष के बीच हुई मारपीट के बाद चाकूबाजी की घटना सामने आई है। इस मामले में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। पुलिस को घटनास्थल से चाकू नहीं मिला, लेकिन चाकू का कवर बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि दूल्हा समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


नागेंद्र कुमार की मौत के बाद सलारपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के मामा उमेश कुमार ने बताया कि नागेंद्र का पैतृक गांव गया जिले के कोच थाना क्षेत्र का मोक गांव है। बचपन से ही वह अपनी नानी के घर सलारपुर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह मजदूरी करके अपनी पढ़ाई का खर्च खुद उठाता था।


परिजनों के अनुसार, नागेंद्र पढ़ाई में काफी होनहार था और इसी वर्ष उसने बीए में नामांकन कराया था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन एक शादी समारोह में हुई हिंसा ने उसकी जिंदगी छीन ली। गांव के लोगों का कहना है कि नागेंद्र शांत स्वभाव का युवक था और मेहनत के बल पर अपना भविष्य संवारने की कोशिश कर रहा था।


फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। पोस्टमार्टम के बाद नागेंद्र का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस दर्दनाक घटना ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।