Bihar Politics: दुलारचंद हत्याकांड में पिछले दिनों जेल से बाहर आए मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने केंद्रीय मंत्री और मुंगेर से जेडीयू सांसद ललन सिंह से मुलाकात की है। पटना में दोनों नेताओं के बीच मुलाकात हुई है। अनंत सिंह केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के आवास पर उनसे मिलने के लिए पहुंचे थे। सूत्रों के मुताबिक दोनों के बीच यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी हालांकि इस मुलाकात को सियासत के लिए काफी अहम माना जा रहा है।
दरअसल, जेडीयू विधायक अनंत सिंह को 2025 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान दुलारचंद यादव की मौत के मामले में गिरफ्तार किया गया था। 30 अक्टूबर 2025 को हुई घटना के बाद 1 नवंबर 2025 को पटना एसएसपी ने बाढ़ के लदमा स्थित उनके आवास से उन्हें गिरफ्तार किया था। इसके बाद वह करीब चार महीने तक जेल में रहे।
बीते 23 मार्च को पटना हाई कोर्ट के जस्टिस रुद्र प्रकाश मिश्रा की एकलपीठ ने सुनवाई के बाद शर्तों के साथ उन्हें जमानत दी। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि अगर वह किसी गवाह या सूचक को प्रभावित या धमकाने की कोशिश करते हैं, तो उनकी जमानत तुरंत रद्द की जा सकती है। साथ ही हर सुनवाई में उनकी उपस्थिति अनिवार्य होगी।
मोकामा विधायक अनंत सिंह पर दुलारचंद यादव के पैर की एड़ी में गोली मारने का आरोप था। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण लाठी से मारना और वाहन से कुचलना बताया गया है। रिपोर्ट में शरीर पर कई गंभीर चोटें, फेफड़े फटना और पसलियां टूटने की बात सामने आई थी। पुलिस के बयानों में भी घटनास्थल पर उनकी मौजूदगी स्पष्ट नहीं हो पाई, लिहाजा कोर्ट ने उन्हे शर्तों के साथ जमानत दे दी थी।
बेऊर जेल से छूटने के बाद विधायक अनंत सिंह एक बार फिर से सियासत में सक्रिय हो गए हैं और पार्टी के नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। इसी बीच शनिवार को वह ललन सिंह को पटना स्थित आवास पहुंचे और उनसे मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राज्य के ताजा हालात पर चर्चा हुई।

