Rashmika Vijay Wedding: साउथ सिनेमा के चर्चित सितारे रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा 26 फरवरी को विवाह बंधन में बंधने के बाद अपने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत कर चुके हैं। शादी के बाद रश्मिका हैदराबाद स्थित अपने ससुराल पहुंचीं। नवविवाहित जोड़ा देशभर में अन्नदान कर लोगों का आशीर्वाद ले रहा है और इस खास मौके पर सभी का धन्यवाद अलग अंदाज में व्यक्त कर रहा है।
लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने शादी की। यह पल उनके फैंस के लिए भी बेहद भावुक रहा। ग्रैंड रिसेप्शन से पहले विजय अपनी पत्नी रश्मिका को लेकर अपने पैतृक गांव थुम्मनपेट पहुंचे, जो तेलंगाना के महबूबनगर जिले में स्थित है। यहां दोनों ने सत्यनारायण भगवान की पूजा में भाग लेकर आशीर्वाद लिया।
गांव पहुंचने के उनके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इस दौरान रश्मिका के चेहरे पर खास खुशी और उत्साह नजर आया। गांव में उनका पारंपरिक अंदाज में भव्य स्वागत किया गया। रश्मिका ने इस अवसर पर सिल्क साड़ी के साथ पारंपरिक साउथ इंडियन कॉपर ज्वेलरी पहनी, जबकि विजय पिस्ता रंग के कुर्ते में नजर आए।
दंपति के स्वागत में पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया गया और हजारों की संख्या में लोग नई जोड़ी की एक झलक पाने के लिए जुटे। विजय के परिवार के सदस्य भी इस अवसर पर मौजूद रहे। गांव स्थित उनके घर को विशेष रूप से सजाया गया था। 'विरोश' फैंस के लिए यह मौका बेहद खास रहा। दोनों 4 मार्च को हैदराबाद में अपनी शादी का ग्रैंड रिसेप्शन आयोजित करने वाले हैं, जिसमें फिल्मी सितारों और राजनेताओं के शामिल होने की संभावना है। सभी उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना कर रहे हैं।


