1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 11, 2026, 12:11:16 PM
- फ़ोटो
Jana Nayagan Release Date: तमिल सुपरस्टार और अब तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बने थलपति विजय एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म जन नायकन को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। लंबे समय से रिलीज डेट को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब खबर है कि यह फिल्म बेहद जल्द सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
फिल्म को लेकर प्रशंसकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, क्योंकि इसे विजय के करियर की सबसे खास फिल्मों में से एक माना जा रहा है। खास बात यह भी है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद यह विजय की पहली बड़ी रिलीज होगी, जिस वजह से फिल्म को लेकर लोगों की दिलचस्पी और बढ़ गई है।
हाल ही में चेन्नई में मीडिया से बातचीत के दौरान फिल्म के निर्माता वेंकट के नारायण ने बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि जन नायकन अगले 14 दिनों के भीतर रिलीज हो सकती है। फिलहाल फिल्म की केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और बोर्ड के साथ लगातार बातचीत चल रही है। इसी कारण फिल्म की रिलीज में देरी हो रही थी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, निर्माता फिल्म को विजय के जन्मदिन यानी 22 जून को रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं। अगर ऐसा होता है तो यह दिन विजय के प्रशंसकों के लिए किसी बड़े जश्न से कम नहीं होगा।
फिल्म में विजय के साथ पूजा हेगड़े और बॉबी देओल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अलावा ममिथा बैजू और गौतम वासुदेव मेनन भी फिल्म का हिस्सा हैं। इस फिल्म का निर्देशन एच. विनोथ ने किया है।
पिछले कुछ महीनों से यह फिल्म ऑनलाइन लीक विवाद को लेकर भी काफी चर्चा में रही। इंटरनेट पर फिल्म से जुड़े कुछ वीडियो और दृश्य वायरल होने के बाद निर्माताओं की चिंता बढ़ गई थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
फिल्म जगत के कई बड़े सितारों ने भी पाइरेसी के खिलाफ आवाज उठाई थी। कमल हासन, रजनीकांत, चिरंजीवी, विजय देवरकोंडा और अल्लू अर्जुन जैसे सितारों ने इस घटना की कड़ी निंदा की थी। बाद में तमिलनाडु साइबर पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया।
फिल्म निर्माता ने विजय की तारीफ करते हुए कहा कि वह बेहद अनुशासित और अपने वादों पर कायम रहने वाले इंसान हैं। उन्होंने कहा कि आम लोगों से विजय का जुड़ाव ही उन्हें सबसे अलग बनाता है। निर्माताओं का मानना है कि जन नायकन सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि तमिलनाडु की नई राजनीतिक सोच और बदलाव का प्रतीक बन चुकी है।
इससे पहले भी ‘आरआरआर’, ‘पुष्पा 2: द रूल’ और ‘बाहुबली 2: द कन्क्लूजन’ जैसी बड़ी फिल्मों को पाइरेसी का नुकसान झेलना पड़ा था। ऐसे में निर्माता लगातार लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे फिल्म को सिनेमाघरों में जाकर ही देखें और फर्जी लिंक से बचें।